बरेली: सौ फुटा रोड पर व्यापारी को कुचलने की कोशिश, जांच में जुटी पुलिस
पीड़ित ने इज्जतनगर थाना में दी तहरीर, जांच में जुटी पुलिस
फोटो- घटना के बाद थाना इज्जतनगर में सीसीटीवी फुटेज देखते पुलिस कर्मी
बरेली, अमृत विचार। सौ फुटा रोड पर एक व्यक्ति ने रेता बजरी के व्यापारी को कार से कुचलने की कोशिश की। घटना के बाद आक्रोशित व्यापारी थाना इज्जतनगर पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। तहरीर मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
इज्जतनगर के सौ फुटा निवासी तजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि वह यहां रेता बजरी का कारोबार करते हैं। बुधवार को वह रोड के किनारे खड़े होकर दोस्त सचिन से बात कर रहे थे। इसी दौरान एक कार उनसे कुछ आगे जाकर खड़ी हो गई।
कुछ देर बाद सचिन चले गए। तब चालक ने अकेला देखकर कार बैक करते हुए कुचलने का प्रयास किया। इससे वह पीछे हट गए। तब चालक ने दोबारा ऐसा किया। तीसरी बार में चालक ने सामने से टक्कर मारने की कोशिश की।
उन्होंने शोर मचाया तो आरोपी कार लेकर भाग गया। कार के नंबर के आधार पर जानकारी की तो एक व्यक्ति के नाम पर कार निकली, लेकिन उसने बताया कि उसने कार कुछ माह पूर्व बेच दी। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी को तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ें- सरयू-यमुना बरेली जंक्शन पर रद्द, ट्रेन से उतारे गए दो हजार यात्री
