बरेली: मोटे अनाज से व्यंजन बनाएंगी महिलाएं, IVRI करेगा पुरस्कृत
प्राइमरी स्कूलों में कराई जाएगी श्री अन्न व्यंजन प्रतियोगिता, रामनगर ब्लॉक के तीन गांव चिह्नित
DEMO IMAGE
बरेली, अमृत विचार। भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) के कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से मोटे अनाज के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए नई पहल की जा रही है। इसके तहत प्राथमिक विद्यालयों में श्री अन्न व्यंजन प्रतियोगिता कराई जाएगी। इसमें गांव की युवती और महिलाएं प्रतिभाग करेंगी। उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा।
कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष डॉं बृजपाल सिंह ने बताया कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के निर्देश पर यह पहल शुरू की जा रही है। प्रतियोगिता 19 जुलाई को रामनगर के तीन गांवों में कराई जाएगी। इसमें गांव की महिलाएं श्री अन्न (मोटे अनाज) से व्यंजन बनाकर लाएंगी। जिसका तीन सदस्यीय पैनल आकलन करेगा।
निर्णायक मंडल में चयनित गांव के हेडमास्टर, प्रधान और कृषि विज्ञान केंद्र के प्रतिनिधि शामिल होंगे। प्रत्येक गांव से पांच-पांच महिलाओं को चयनित कर पुरस्कृत किया जाएगा। बरेली में बाजरा की खेती होने से व्यंजन सिर्फ ज्वार और बाजरा के ही शामिल किए जाएंगे।
आर्गेनिक लेप्टिक टेस्ट से परखेंगे व्यंजन
डा. सिंह ने बताया कि आर्गेनिक लेप्टिक टेस्ट के माध्यम से व्यंजन को परखेंगे। इसमें व्यंजन का टेक्चर, एपीरेंस, कलर, अरोमा, टेस्ट और एक्सेप्टिबिलिटी देखी जाएगी। अंकों के आधार पर पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। प्रतियोगिता में शामिल महिलाओं से प्रश्न भी पूछे जाएंगे, जैसे व्यंजन के लिए कच्चा माल कहां से लाया गया है, बनाने की विधि आदि। बताया कि अन्य ब्लॉकों में भी इस तरह की प्रतियोगिता कराई जाएगी। रामनगर ब्लॉक को सबसे पहले इसलिए चयनित किया गया है, क्योंकि यहां मोटे अनाज की खेती अधिक होती है।
यह भी पढ़ें- बरेली: लोगों को कम राशन देना कोटेदार को पड़ा भारी, FIR दर्ज
