टनकपुर: शारदा नदी उफान पर, घाट पर बढ़ा बाढ़ का खतरा
11वें दिन भी नहीं खुल पाया पूर्णागिरि मार्ग, वापस लौटे श्रद्धालु
टनकपुर, अमृत विचार। क्षेत्र और पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश से जनपद चम्पावत का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। जिले के मैदानी क्षेत्र टनकपुर और बनबसा में कई स्थानों पर जलभराव होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
साथ ही शारदा नदी का जलस्तर भी काफी बढ़ गया, जिस कारण शारदा नदी के शारदा घाट क्षेत्र में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। प्रशासन ने शारदा घाट क्षेत्र में रह रहे लोगों को सुरक्षा की दृष्टि से घाट क्षेत्र से हटाकर सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा है।
वहीं पूर्णागिरि मार्ग के बाटनागाड़ में लगातार बोल्डर और मलबा आने से मार्ग नहीं खुल पा रहा है, 11वें दिन भी पूर्णागिरि मार्ग पूरी तरह से बंद रहा। इस समय भारी संख्या में श्रद्धालु मां पूर्णागिरि धाम के दर्शन को पहुंच रहे हैं। मार्ग न खुलने से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।
इस समय उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से मां पूर्णागिरि धाम के दर्शन को श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। वह पड़ोसी देश नेपाल के महेंद्र नगर और ब्रह्मदेव मंडी स्थित सिद्धनाथ मंदिर के दर्शन को पहुंच रहे हैं। इधर उप जिलाधिकारी सुंदर सिंह और तहसीलदार पिंकी आर्या टीम के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे।
उन्होंने शारदा घाट क्षेत्र में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा। वहीं दूसरी ओर यह बारिश जिले के मैदानी क्षेत्र टनकपुर और बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों में काश्तकारों की धान की रोपाई के लिए खासी फायदेमंद बताई जा रही।
