बरेली: परिवार सर्वेक्षण में लापरवाही, 7 प्रधानाध्यापकों का जवाब तलब
नगर खंड शिक्षा अधिकारी ने पत्र जारी किया, तीन दिन में देना होगा स्पष्टीकरण
बरेली, अमृत विचार। परिवार सर्वेक्षण का कार्य पूरा न करने पर परिषदीय स्कूलों के सात प्रधानाध्यापकों का जवाब तलब किया गया है। नगर खंड शिक्षा अधिकारी ने इन सभी को पत्र भेज कर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा है।
प्रेरणा और शारदा पोर्टल के माध्यम से परिवार सर्वेक्षण की जिम्मेदारी सभी प्रधानाध्यापकों को 31 मई को सौंपी गई थी। करीब 45 दिन का ग्रीष्मावकाश बीच में पड़ गया। विभागीय अधिकारियों को उम्मीद थी कि इस बीच शिक्षक अपने क्षेत्रों में इस कार्य को पूरा कर लेंगे, लेकिन लापरवाही के चलते तमाम शिक्षकों ने इस कार्य को पूरा नहीं किया, जबकि इस संंबंध में कई बार वाट्सएप, गूगल मीट आदि के माध्यमों से शिक्षकों को निर्देश दिए गए, मगर इस ओर ध्यान नहीं दिया गया।
इस संबंध में शुक्रवार को नगर खंड शिक्षा अधिकारी ने सात प्रधानाध्यापकों को पत्र जारी कर जवाब तलब किया है। पत्र के अनुसार स्कूल में पर्याप्त शिक्षक होने के बाद भी स्टाफ ने कार्य में ढिलाई बरती है। फिलहाल, संबंधित प्रधानाध्यापकों को तीन दिन के अंदर सर्वेक्षण का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
इन शिक्षकों ने बरती लापरवाही
जसौली की प्रभारी प्रधानाध्यापक पूनम गंगवार , जोगी नवादा के प्रधानाध्यापक जव्वाद कमाल नियाजी, बालजती के प्रभारी प्रधानाध्यापक महेश कुमार शर्मा, जखीरा की प्रभारी प्रधानाध्यापक मुनेश कुमारी, इज्जतनगर से प्रभारी प्रधानाध्यापक बबीता बिष्ट, सिठौरा की प्रधानाध्यापक नीलम सक्सेना, काजी टोला की प्रधानाध्यापक शकरा बेगम।
यह भी पढ़ें- बरेली: खुद को बचाने के लिए सचिव ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजा, जान को बताया खतरा
