हल्द्वानी: प्रवेश पटल से अधिक हेल्प डेस्क, छात्र लगे चुनाव तैयारी में
हल्द्वानी, अमृत विचार। एमबीपीजी कॉलेज में इन दिनों स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश चल रहे हैं। कॉलेज प्रशासन ने प्रवेश के लिए पांच पटल बनाए हैं। महाविद्यालय में प्रवेश पटल से अधिक छात्रों ने हेल्प डेस्क नजर आ रहे हैं।
हेल्प डेस्क पर छात्रसंघ चुनाव की तैयारी में लगे महिला और पुरुष दावेदारों के पंपलेट लगाए गए हैं। ताकि पहली बार महाविद्यालय में प्रवेश के लिए आए विद्यार्थियों को रिझाया जा सके।
महाविद्यालय परिसर में जगह-जगह हेल्प डेस्क के नाम पर छात्रसंघ चुनाव की तैयारी की झलक सामने आ रही है। छात्र अपने नाम के पंपलेट लेकर कॉलेज परिसर के चक्कर काट रहे हैं।
जबकि चुनाव होना फिलहाल तय नहीं है। पंपलेट से कॉलेज परिसर पट गया है। महाविद्यालय में पहली बार प्रवेश के लिए आए विद्यार्थी भी इससे कन्फ्यूज हो रहे हैं। प्रवेश के पहले दिन से कॉलेज में यह स्थिति बनी हुई है। इस पर कॉलेज प्रशासन किसी प्रकार का लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रहा है।
चुनाव का अता-पता नहीं, छात्र लगे तैयारी में
छात्रसंघ चुनाव का अता-पता नहीं है। मगर छात्रनेता चुनावों की तैयारी में लग गए हैं। सफेद कुर्ता, काली पेंट, काले जूते पहनकर कई छात्र इन दिनों नेता बनकर कॉलेज में प्रवेश कर रहे हैं और नए विद्यार्थियों को रिझाने की कोशिश में लगे हैं। हालांकि उनको इस बार चुनाव समय पर होने की उम्मीद है। वह भी छात्रसंघ चुनाव के जरिए अपना राजनीतिक भविष्य बनाना चाहते हैं।
पिछली बार दिसंबर हुए थे छात्रसंघ चुनाव
प्रदेश में पिछली बार छात्रसंघ चुनाव समय पर नहीं हो पाए। छात्रों के लगातार बढ़ते दबाव के बाद सरकार को दिसंबर में छात्रसंघ चुनाव कराने पड़े। 24 दिसंबर को छात्रों की सरकार बनी। इस कारण छात्रसंघ का कार्यकाल मात्र 6 माह ही चल पाया। कई वर्षों से सितंबर में एक साथ छात्रसंघ चुनाव होते आए हैं। चुनाव की तैयारी में लगे छात्रों को इस बार समय से चुनाव होने की उम्मीद है। हालांकि इधर प्रदेश में इसी वर्ष निकाय चुनाव और अगले वर्ष लोकसभा चुनाव भी होने हैं।
छात्राएं भी चुनाव के लिए तैयार
कुमाऊं के सबसे बड़े एमबीपीजी कॉलेज को पिछले वर्ष छात्रसंघ चुनाव में पहली महिला छात्रसंघ अध्यक्ष बनी। महिला छात्रसंघ अध्यक्ष बनने के बाद से छात्राओं में भी चुनाव के प्रति रूचि बढ़ गई है। वह भी एक कुशल राजनीतिज्ञ बनकर नेतृत्व करना चाहती हैं।
प्रवेश प्रक्रिया को शांतिपूर्वक निपटाने के लिए हर प्रकार की व्यवस्थाएं की गई हैं। हेल्प डेस्क पर छात्रों के नाम की पंपलेट और अन्य सामग्री के लिए छात्रों को मना किया गया है।
-डॉ. संजय खत्री, चीफ प्रॉक्टर एमबीपीजी कॉलेज।
