हल्द्वानी: सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग पर छापेमारी, उपकरण जब्त
छापेमारी के दौरान 2 आरोपी मौके से हुए फरार
बनभूलपुरा थाने में कानूनी कार्रवाई के लिए दी तहरीर
हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों से रिफिलिंग का खेल धड़ल्ले से चल रहा है। बीते दिनों अमृत विचार अखबार ने मामले की पड़ताल कर इस संबंध में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की।
इसका संज्ञान लेते हुए शनिवार को जिला पूर्ति अधिकारी नैनीताल के निर्देश पर पूर्ति विभाग की टीम ने बनभूलपुरा के लाइन नं 7 में मछली बाजार स्थित एक आवासीय परिसर में छापेमारी की। इस दौरान वहां मौजूद दो आरोपी मौके से फरार हो गए। टीम ने मौके से अवैध रिफिलिंग में उपयोग होने वाले उपकरण कब्जे में लिए हैं।
मौके से बरामद उपकरणों में इलेक्ट्रानिक वेटिंग मशीन और 3 घरेलू गैस सिलेंडर भी जब्त किए गए। पूर्ति विभाग की टीम ने मामले को लेकर संबंधित आरोपियों के खिलाफ बनभूलपुरा थाने में कानूनी कार्रवाई के लिए तहरीर दी है। साथ ही अवैध रिफिलिंग सामग्री को थाना बनभूलपुरा के सुपुर्द कर दिया गया। छापेमारी करने वाली टीम में पूर्ति निरीक्षक रेनू त्रिपाठी, पूर्ति निरीक्षक जगमोहन नेगी, पूर्ति निरीक्षक अरुण खुल्बे तथा पूर्ति निरीक्षक मोहित कठायत मौजूद रहे।
