शाहजहांपुर: विवाहिता की संदिग्धावस्था में मौत, मां ने लगाया हत्या का आरोप
रोजा, अमृत विचार। एक महिला का शव शनिवार की सुबह संदिग्ध अवस्था में कमरे के अंदर फंदे से लटकता मिला। घटना के बाद पति फरार हो गया। सूचना मिलते ही एएसपी सिटी व सीओ सदर और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। वहीं मृतका की मां ने दहेज की खातिर हत्या किए जाने का आरोप लगा रही है।
फिलहाल शाम तक थाने पर तहरीर नहीं दी गई थी। जनपद हरदोई के थाना शाहाबाद के गांव झरसा केसरी निवासी सुनीता की पुत्री अंशी सिंह (21) की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व थाना क्षेत्र के गांव जमुही निवासी निवेश सिंह के साथ हुई थी।
शनिवार की सुबह अंशी सिंह का शव कमरें में फंदे से झूलता मिला। बताते हैं कि परिवार वालों ने शव फंदे से उतारकर रोजा में निजी चिकित्सक के यहां ले गये, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार वाले शव घर पर ले आये और शव छोड़कर भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही रोजा थाना प्रभारी अमित पांडे सहित एएसपी सिटी सुधीर जायसवाल, सीओ सदर अमित चौरसिया, नायब तहसीलदार नीशू सिंह सहित फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई।
सूचना मिलते ही मृतका की मां भी परिवार के साथ पहुंच गयी। मृतका की मां ने ससुराल वालों पर गला घोंट के हत्या कर शव लटका देने का आरोप लगाया है। भाई योगेन्द्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार की शाम उसकी बहन अंशी से मोबाइल पर बात हुई थी तो उसने बताया कि दहेज की मांग को लेकर ससुराल वाले मारपीट कर रहे हैं। फिलहाल देर शाम तक थाने पर तहरीर नहीं दी गई थी।
अभी इस मामले में तहरीर नहीं दी गई है, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और तहरीर मिलने पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी---सुधीर जायसवाल, एएसपी सिटी।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: डीएम, एसपी और विधायक रहे मौजूद फिर भी निपटीं सिर्फ 12 शिकायतें
