रुद्रपुर: खटीमा पुलिस ने 1.758 किलो अफीम के साथ तीन तस्कर दबोचे
बरेली-पीलीभीत से लाकर कार से करते थे सप्लाई
एसपी ने पुलिस टीम को एक हजार का इनाम देने की घोषणा की
रुद्रपुर, अमृत विचार। खटीमा पुलिस ने चेकिंग के दौरान कार सवार तीन अफीम तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से भारी मात्रा में अफीम बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस के तहत रिपोर्ट दर्ज कर लिया है। पकड़ी गई अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों रुपये कीमत है।
मंगलवार को पुलिस कार्यालय में खुलासा करते एसपी क्राइम चंद्रशेखर घोडके और एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि 17 जुलाई को खटीमा एसएचओ नरेश चौहान पुलिस टीम के साथ बिज्टी रोड मजगमी तिराहा मझौला मार्ग पर चेकिंग कर रहे थे।
अचानक कार सवार युवक पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा तो पुलिस ने घेराबंदी कर कार सवारों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम धर्मेंद्र कुमार निवासी संडाखास निगोही शाहजहांपुर, पंकज शुक्ला निवासी आमा बुजुर्ग ढका घनश्याम बंडा शाहजहांपुर और हरीश कुमार निवासी ग्राम भिंडारा न्यूरिया पीलीभीत बताया।
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो तीनों आरोपियों के कब्जे से 1.758 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह बरेली और पीलीभीत से अफीम की खेप को कार से सप्लाई कर मोटी रकम कमाते हैं। एसपी क्राइम ने बताया कि पकड़ी गई अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 15 लाख रुपये के करीब है।
साथ ही पुलिस आरोपियों की संपत्ति की भी तफ्तीश करेगी और अवैध संपत्ति की जब्तीकरण एवं ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी करेगी। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस का मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। वहीं एसपी क्राइम ने पुलिस टीम को एक हजार रुपये देने की घोषणा की है।
