अमेठी : पिटाई से घायल अधेड़ की इलाज के दौरान मौत
अमेठी, अमृत विचार। संग्रामपुर थाना क्षेत्र के भिटहरी के पास बाइक सवार अधेड़ की अज्ञात लोगों द्वारा लाठी डंडे से जमकर पिटाई कर दी गई। घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची संग्रामपुर पुलिस द्वारा घायल को इलाज के लिए संग्रामपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
संग्रामपुर थाना क्षेत्र के धौरहरा निवासी दिनेश सिंह मंगलवार दोपहर बाद बाइक से अपने घर जा रहे थे। तभी भिटहरी के पास 3 बाइक पर सवार अज्ञात 6 लोगों ने लाठी डंडे से हमला कर जमकर पिटाई कर दी। घटना में दिनेश सिंह को गंभीर चोटें आई थी। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची संग्रामपुर पुलिस ने घायल को इलाज के लिए संग्रामपुर सीएचसी में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर देखते हुए सीएचसी अधीक्षक संतोष सिंह ने घायल को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। घायल अधेड़ की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई है।
संग्रामपुर थाना प्रभारी निरीक्षक निर्मल सिंह ने बताया कि अज्ञात हमलावरों की तलाश व घटना की जांच पड़ताल की जा रही है, इलाज के दौरान घायल अधेड़ की मौत की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि तहरीर मिलते ही केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें -प्रयागराज में कॉलेज प्रबंधक ने कई बार की छात्रा से शर्मनाक हरकत, खौफ के चलते छोड़ी पढ़ाई
