वाराणसी : भाजपा कार्यकर्ता ने थाने में दिया परिचय, सब-इंस्पेक्टर बोले - तो मेरा क्या बिगाड़ लोगे..
वाराणसी, अमृत विचार। चोरी के मामले में मंगलवार को पूछताछ के लिए थाने लाए गए दो दुकानदारों के बाबत लंका थाने पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं का इंस्पेक्टर और एसआई से विवाद हो गया। आरोप है कि इंस्पेक्टर ने राजीव सिंह पटेल नामक कार्यकर्ता कालर पकड़कर धकेलते हुए थाने से बाहर किया और मोबाइल भी छीन ली। जब कार्यकर्ता ने पार्टी और खुद का परिचय दिया और बताया कि मैं पार्षद प्रतिनिधि हूं तो कहा गया कि तो मेरा क्या बिगाड़ लोगे। फर्जी मुकदमे में हवालात में बंद कर दूंगा।
घटना की जानकारी के बाद कुछ भाजपा नेता और कार्यकर्ता पहुंचे और पुलिसकर्मियों से जमकर बहस होने लगी। बाद में थाना प्रभारी से बातचीत के बाद कार्यकर्ता राजीव सिंह पटेल ने अपने साथ दुर्व्यवहार से सम्बंधित प्रार्थना पत्र दिया और कार्रवाई की मांग की। जानकारी के अनुसार पुलिस चोरी के मामले में दो दुकानदारों को लेकर थाने आई और उन्हें लाकअप में जमीन पर बैठा दिया। पुलिस का कहना था कि पूछताछ के लिए उन्हें लाया गया है।
इसकी जानकारी पर राजीव सिंह पटेल थाने पहुंचे थे। उनका कहना है कि वह मुंशी से दुकानदारों के बाबत पूछ रहे थे। तभी पास में बैठे इंस्पेक्टर व एसआई आग बबूला हो गये और अपमानजनक व्यवहार किया। एसीपी भेलूपुर के आश्वासन पर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया है। प्रारंभिक जांच में इंस्पेक्टर गोपाल कृष्ण और सब इंस्पेक्टर राकेश भदोरिया को लाइन हाजिर कर दिया गया है
ये भी पढ़ें -अमेठी : पिटाई से घायल अधेड़ की इलाज के दौरान मौत
