हल्द्वानी: प्रेमी ने शादी तुड़वाई, प्रेमिका ने फांसी लगाकर जान दे दी
सुबह नाश्ता करने के बाद सोने के बहाने कमरे में गई और जान दे दी
प्रेमी ने होने वाले पति को भेजे थे लड़की के अश्लील वीडियो व फोटो
हल्द्वानी, अमृत विचार। प्यार में पहले दगा मिला और जब प्रेमिका की कहीं और शादी हुई तो प्रेमी ने वो भी तुड़वा दी। इस घटना से सदमे में गई प्रेमिका ने बुधवार सुबह फांसी लगाकर जान दे दी। उसके शव को भाई ने फंदे से लटकते देखा तो कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को फंदे से उतार पोस्टमार्टम कराया। मामले में परिजनों की ओर से अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
जीतपुर नेगी रामपुर रोड निवासी यमुना (30) एक बहन और दो भाइयों में बड़ी थी और यहां माता-पिता के साथ रहती थी। यमुना के भाई का कहना है कि वह रुद्रपुर सिडकुल स्थित एक कंपनी में काम करती थी। इसी कंपनी में कोटद्वार निवासी अखिलेश देवरानी भी नौकरी करता था। अखिलेश ने यमुना को प्रेम जाल में फंसाया और शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान उसने यमुना के अश्लील फोटो और वीडियो भी बनाए। जब यमुना ने शादी के लिए कहा तो अखिलेश मुकर गया।
जिसके बाद इसी वर्ष परिजनों ने यमुना की शादी रानीखेत में रहने वाले लड़के से तय कर दी। 16 अप्रैल को सगाई हुई और 11 जून को शादी की तारीख तय कर दी गई, लेकिन इसकी भनक अकिलेश को लग गई। अखिलेश ने यमुना के अश्लील फोटो और वीडियो उसके होने वाले पति और जेठ को भेज कर शादी तुड़वा दी। इस पर अखिलेश के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में रिपोर्ट भी दर्ज हुई, लेकिन शादी टूटने से यमुना टूट गई।
बताया गया कि यमुना डिप्रेशन में चली और दिन का अधिकांश समय वह अपने कमरे अकेले गुजारने लगी। उसने परिवार व अन्य लोगों से बात करना भी छोड़ दिया। बुधवार की सुबह वह सोकर उठी और नाश्ता किया। जिसके बाद वह सोने की बात कहकर फिर कमरे में चली गई। कुछ देर बाद जब छोटा भाई कमरे में गया तो उसके होश फाख्ता हो गए।
यमुना का शव छत पर लगे पंखे से सहारे लटक रहा था। यमुना ने अपने दुपट्टे को फांसी का फंदा बनाया था। टीपीनगर चौकी प्रभारी पंकज जोशी का कहना है कि यमुना शादी टूटने से डिप्रेशन में थी, जिसकी वजह से उसने फांसी लगाई। इस मामले में अभी परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है और न मौके से सुसाइड नोट बरामद हुआ है।
बिन मां की बेटी ने फांसी लगाई
हल्द्वानी : दुर्गा मंदिर इंद्रानगर बनभूलपुरा में रहने वाली शिवांगी (17) ने संदिग्ध परिस्थिति में फांसी लगा। शिवांगी के पिता ने बताया कि उसकी पत्नी की 6 साल पहले मौत हो गई थी। उसकी तीन बेटियां हैं। एक की शादी हो चुकी है। दूसरी शिवांगी थी और तीसरी स्कूल जाती है। उन्होंने बताया कि घटना के वक्त छोटी बेटी स्कूल गई थी और घर केवल शिवांगी थी। दिन में जब वह घर पहुंचे तो बेटी पंखे पर लटकी हुई मिली। बनभूलपुरा पुलिस ने शव का पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बाथरूम में गिरकर मौत, शव में पड़े कीड़े
हल्द्वानी : नीलकंठ कालोनी छड़ायल निवासी हरीश पंत उर्फ मनोज (36) यहां अकेले रहते थे और ऑन लाइन काम करते थे। बुधवार को इलाकाई लोगों को घर से तेज बदबू आई। घर खुला था और जब लोगों ने अंदर जाकर देखा तो बाथरूम में लाश पड़ी थी और उसमें कीड़े लग चुके थे। सूचना पर पहुंची टीपीनगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटना की सूचना नोएडा में रहने वाले भाई को दी। जो कुछ समय पहले तक भाई के साथ ही रहता था। टीपीनगर चौकी प्रभारी पंकज जोशी ने बताया कि संभवत: शराब के नशे में हरीश बाथरूम में गिरकर बेहोश हुए और अत्यधिक खून बहने की वजह से मौत हो गई। शव तकरीबन 2 दिन पुराना लग रहा है।
