अयोध्या : 25 दिनों से नहीं आया पानी, 24 घंटे से बिजली ठप
अमानीगंज विघुत उपकेंद्र क्षेत्र में ट्रांसफार्मर फुंकने से आठ मोहल्लों में गुल रही बिजली
अयोध्या, अमृत विचार। नव्य अयोध्या निर्माण के बीच नगर में बिजली और पानी का अभूतपूर्व संकट छाया हुआ है। भीषण गर्मी और उमस से बेहाल लोगों को दोतरफा संकट झेलना पड़ रहा है। बीते 25 दिनों से जहां निमार्णाधीन रामपथ क्षेत्र में जलापूर्ति ठप पड़ी है वहीं बुधवार रात ट्रांसफार्मर फुंकने से अमानीगंज विघुत उपकेंद्र से जुड़े मोहल्लों में बिजली गुल है। इसे लेकर लोगों में हाहाकार मचा हुआ है लेकिन जिम्मेदार चैन की नींद सो रहे हैं। लोगों की शिकायतों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
बुधवार रात अमानीगंज क्षेत्र के बछड़ा सुल्तानपुर इलाके का ट्रांसफार्मर जल गया। रात दस बजे शार्ट सर्किट से जले ट्रांसफार्मर के चलते बछड़ा मोहल्ले के साथ साथ साहबगंज और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। लोग काफी देर इंतजार करते रहे फाल्ट से बिजली गई होगी लेकिन 12 बजे रात्रि ट्रांसफार्मर जलने की खबर मिली। अमानीगंज विघुत उपकेंद्र के कर्मियों ने मोबाइल ट्रांसफार्मर के लिए प्रयास किया लेकिन नहीं मिला। बताया गया कि तीनों मोबाइल ट्रांसफार्मर अन्य स्थानों पर लगे हैं। नतीजा बुधवार रात दस बजे से गुरुवार दोपहर तक करीब 16 हजार की आबादी बिन बिजली बिलबिलाती रही। एसडीओ बीआर वर्मा ने बताया कि ट्रांसफार्मर दोपहर तक बदला जाना था लेकिन स्टोर से आने में समय लगने के कारण विलम्ब हुआ।
वहीं बछड़ा सुल्तानपुर के लोगों का आरोप है कि रात जैसे तैसे बिता ली गई लेकिन दोपहर तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। जिसके कारण भीषण गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का आरोप है कि तीन महीने में यह ट्रांसफार्मर चौथी बार जला और हर बार मरम्मत कर चालू कर दिया गया। लोड अधिक होने के बाद अक्सर ट्रांसफार्मर जल जाता है।
नगरीय क्षेत्र में अब तक फुंक चुके हैं 12 से अधिक ट्रांसफार्मर
बिजली व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतरी पड़ी है। बिजली विभाग के आंकड़ों को सही माने तो विगत दो महीने में नगरीय क्षेत्रों में 12 से अधिक ट्रांसफार्मर जल चुके हैं। इनमें सर्वाधिक ट्रांसफार्मर चौक और उसके बाद लालबाग तथा अमानीगंज विघुत उपकेंद्र के अधीन वाले शामिल हैं। सिविल लाइन उपकेंद्र में डीएम आवास के निकट बस एक ट्रांसफार्मर जला वह भी तत्काल बदल दिया गया। चौक से अंगूरीबाग क्षेत्र में तीन ट्रांसफार्मर लगातार एक - एक दिन के अंतराल पर जले जबकि हैदरगंज, लालबाग, फतेहगंज चौराहे पर दो - दो ट्रांसफार्मर फुंक चुके हैं। यह हाल तब है जब ट्रांसफार्मरों का नियमित अनुरक्षण और तेल डाला जाता है। इसके बाद भी ट्रांसफार्मरों का जलना रुक नहीं रहा है।
निमार्णाधीन रामपथ पर 25 दिनों से ठप है जलापूर्ति, बहाली की नहीं उम्मीद
सहादतगंज से अयोध्या नयाघाट तक चौड़ीकरण के चलते बन रहे रामपथ क्षेत्र में 20 से अधिक मोहल्लों में बीते 25 दिनों से जलापूर्ति ठप है। लगातार शिकायतों और पाइप लाइनों की मरम्मत के बाद भी जलापूर्ति सुचारु नहीं हो सकी है। तेलीटोला, नहरबाग, शास्त्रीनगर, ठठरहिया, हसन कटरा, बैंक कालोनी, आवास विकास, अंगूरीबाग आदि बुरी तरह से प्रभावित हैं। नियावां चौराहे से लेकर गुदड़ीबाजार और रिकाबगंज क्षेत्र में पखवारे भर पहले निर्माण कार्य के चलते टूटी 150 पाइप लाइनों में मात्र अभी तक 50 ही बन सकीं हैं। इन्हें बनाने की जिम्मेदारी रामपथ निर्माण कर रही आर एंड सी की है लेकिन वह नहीं बना पा रही है। नगर निगम के जलकल के सुपर वाइजर राजेश कुमार ने गुरुवार को बताया कि अधिकतर नलकूप टूटी पाइप लाइनों के कारण संचालित नहीं हो पा रहे हैं। रोजाना निर्माण एजेंसी से कहा जा रहा है लेकिन काम नहीं हो रहा है।
ये भी पढ़ें -अयोध्या : ओवैसी के Tweet से खजूर मस्जिद का मामला गरमाया, मीनार को लेकर लिखी ये बात
