रुद्रपुर: स्मैक के साथ दबोचा बहेड़ी बस अड्डे का पूर्व मुंशी, पर्वतीय इलाकों में करता था सप्लाई 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। पांच साल से स्मैक का काला कारोबार करे सौदागर को पुलभट्टा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जो पहले बहेड़ी बस अड्डे पर मुंशी का काम करता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में स्मैक की खेप बरामद की है। जिसे वह हल्द्वानी ले जाकर पर्वतीय इलाकों में सप्लाई करने की कोशिश कर रहा था।  

गुरुवार को खुलासा करते हुए एसपी क्राइम चंद्रशेखर घोडके, एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल और सीओ किच्छा ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि 19 जुलाई की रात्रि पुलभट्टा थाना प्रभारी कमलेश भट्ट पुलिस टीम के साथ ग्राम सतसुईया जाने वाले मार्ग पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जावेद खान निवासी शेखपुरा ताज मस्जिद के समीप बहेड़ी बरेली बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 105 ग्राम स्मैक बरामद हुई। जिसकी कीमत दस लाख रुपये के करीब आंकी गई है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले पांच सालों से स्मैक तस्करी का धंधा करता है और उससे पहले वह बहेड़ी बस अड्डे पर मुंशी गिरी का काम करता था। वहीं से उसे स्मैक तस्करी का आइडिया आया। बताया कि वह बस या फिर अन्य संसाधनों से हल्द्वानी जाकर स्मैक की सप्लाई करता है। ताकि वहां से स्मैक को पर्वतीय इलाकों तक पहुंचाया जा सके। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। 

दो युवकों की गिरफ्तारी में आया था नाम सामने
रुद्रपुर। पुलभट्टा पुलिस की गिरफ्त में आया स्मैक तस्करी का आरोपी जावेद खान का नाम आठ दिन पहले हुए खुलासे में भी आ चुका है। पुलिस ने बताया कि 13 जुलाई को पुलभट्टा पुलिस ने धीरज और यशवंत नाम के दो युवकों को स्मैक की तस्करी करते हुए पकड़ा था। पूछताछ में दोनों ही आरोपियों ने जावेद खान का नाम लिया था और बताया था कि वह स्मैक की खेप जावेद के माध्यम से मंगवाते थे।  

वर्ष 2018 में छोड़ दी थी बस अड्डे की मुंशीगिरी
रुद्रपुर। पुलभट्टा पुलिस ने 105 ग्राम स्मैक के साथ पकड़े गए आरोपी जावेद खान से जब पूछताछ की तो उसने बताया कि वर्ष 2018 को उसने मुंशीगिरी का काम छोड़ दिया था। मगर जल्द पैसा कमाने के चलते पहले वह कम मात्रा में बसों का प्रयोग कर स्मैक की सप्लाई करता था। आरोपी ने बताया कि बहेड़ी बस अड्डे पर इस धंधे की चर्चाएं होनी लगी और मुनाफा भी काफी होता था तो उसने खुद ही सप्लाई करने का निर्णय लिया।

जावेद के चार बेटों में से तीन बेटे बने स्मैकिया
रुद्रपुर। युवाओं को स्मैक का लती बनाने वाला स्मैक माफिया जावेद को यह नहीं पता था कि जिस काले कारोबार में वह अपने हाथ काले कर काली कमाई करने की सोच रहा है। उसकी कालिख उसके बेटों तक भी पहुंच जाएगी। खुलासे में बताया कि आरोपी जावेद पिछले पांच सालों से स्मैक का सप्लायर बनकर तराई भावर से लेकर पर्वतीय इलाकों के युवाओं को स्मैक का लती बनाने में लगा हुआ था। मगर उसके चार बेटों में से तीन बेटे इसी स्मैक के लती बन जाएंगे उसे इस बात का इल्म नहीं था। जिसके बाद भी जावेद ने बेटों को सुधारने व संभालने की बजाए युवाओं को बिगाड़ने में अपना समय व्यतीत किया।

संबंधित समाचार