Vinayak Chaturthi 2023: आज है विनायक चतुर्थी, नोट कर लें शुभ मुहूर्त, पूजा विधि
Vinayak Chaturthi 2023: सावन माह की विनायक चतुर्थी आज है। यह पर्व हर महीने शुक्ल पक्ष की चतुर्थी को मनाया जाता है। इस दिन भगवान गणेश की पूजा होती है। शुक्ल पक्ष की चतुर्थी को विनायक चतुर्थी कहते हैं और कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को संकष्टी चतुर्थी कहते हैं। इस दिन भगवान गणेश की पूजा करने पर शुभ फलदायक होता है।
धार्मिक मान्यता है कि विनायक चतुर्थी का व्रत रख भगवान गणेश की पूजा करने से यश, कीर्ति और धन की प्राप्ति होती है। अगर आप भी भगवान गणेश की कृपा के भागी बनना चाहते हैं, तो आज पूजा के समय गणेश चालीसा का पाठ और आरती अवश्य करें।
शुभ मुहूर्त
- विनायक चतुर्थी तिथि प्रारंभ- 21 अगस्त सुबह 6 बजकर 58 मिनट से
- विनायक चतुर्थी तिथि समाप्त- 22 अगस्त सुबह 9 बजकर 26 मिनट तक
- रवि योग- दोपहर 1 बजकर 58 मिनट से सुबह 5 बजकर 37 मिनट तक
- भद्रा का साया- रात 8 बजकर 12 मिनट से सुबह 5 बजकर 37 मिनट तक
महत्व
भगवान गणेश को सभी देवताओं में सर्वप्रथम पूजनीय माना गया है। कोई भी मंत्र, जाप, अनुष्ठान गणेश पूजा के बिना सफल नहीं होता है। शास्त्रों में विनायक चतुर्थी की महिमा का बहुत बड़ा महत्व बताया गया है। इस दिन गणपति की आराधना करने से व्यक्ति के घर में सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। आज के दिन गणपति की पूजा करने से सभी दुखों से छुटकारा मिलता है।
पूजन विधि
सुबह के समय जल्दी उठकर स्नान आदि करके लाल रंग के वस्त्र धारण करें और सूर्य भगवान को तांबे के लोटे से अर्घ्य दें। उसके बाद गणपति के मंदिर में एक जटा वाला नारियल और मोदक प्रसाद के रूप में लेकर जाएं। उन्हें गुलाब के फूल और दूर्वा अर्पण करें तथा ॐ गं गणपतये नमः मंत्र का 27 बार जाप करें तथा धूप दीप अर्पण करें।
(नोट : यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है। अमृत विचार इसकी पुष्टि नहीं करता है।)
ये भी पढ़ें- अमरनाथ गुफा के लिए 6500 श्रद्धालुओं का एक और जत्था हुआ रवाना
