Fatehpur: पुलिस ने दो तस्कर किए गिरफ्तार, लाखों की कीमत का गांजा बरामद, बांदा से लेकर जिले में सप्लाई करने आ रहे थे
फतेहपुर में पुलिस ने दो गांजा तस्कर किए गिरफ्तार।
फतेहपुर में पुलिस ने गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। गांजे की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। बांदा से गांजा लेकर जनपद में सप्लाई करने आ रहे थे।
फतेहपुर, अमृत विचार। जिले में गांजा की तस्करी करने वाले गैंग के दो सदस्य बिन्दकी कोतवाली पुलिस के हत्थे चढ़े है। एक साथी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। तीनों तस्कर बांदा जनपद के रहने वाले हैं। बरामद हुआ गांजा की कीमत करीब 18 लाख रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस लाइन में एसपी उदय शंकर सिंह ने बताया कि जिले में मादक पदार्थ तस्करों को पकड़ने के निर्देश पुलिस को दिए थे। गुरुवार की रात सीओ बिन्दकी सुशील कुमार दुबे व बिन्दकी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार चतुर्वेदी सहित कोतवाली पुलिस ने महरहा रोड मुरादपुर के पास से दो संदिग्धों को दबोच लिया।
पुलिस टीम ने उनके पास से एक कुंतल 50.600 किलोग्राम गांजा बरामद कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपनी पहचान बांदा जनपद के कोतवाली देहात के जारी गांव निवासी शिवेन्द्र सिंह उर्फ अज्जू पुत्र शिवबालक सिंह और बांदा के फतेहगंज निवासी सनत त्रिपाठी के रूप में बताई है।
पूछताछ में बताया कि बांदा के ही कोतवाली देहात के पचनेही निवासी विवेक सिंह के कहने पर गांजे का सैम्पल दिखाने व सप्लाई करने के लिए बिन्दकी क्षेत्र में आए थे। पुलिस के अनुसार सनत त्रिपाठी गांजा तस्करी के साथ पंचायत व निगम में ठेकेदारी का भी काम करता है। दूसरा आरोपी शिवेन्द्र बीएससी का छात्र है। बताया कि विवेक आन्ध्रप्रदेश से गांजा मंगाता है। वह कई बार गांजा तस्करी में जेल भी जा चुका है।
