बनबसा: जहरखुरानी गिरोह ने पिथौरागढ़ के युवक से लूटे 22 हजार रुपये 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बनबसा, अमृत विचार। जहरखुरानी गिरोह ने चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिथौरागढ़ निवासी युवक को निशाना बनाकर 22 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित युवक दिल्ली से घर लौट रहा था। रास्ते में गजरौला के एक होटल में उसके साथ यह वारदात हुई। पीड़ित ताज पैलेस दिल्ली में कुक का काम करता है। वह छुट्टी लेकर घर जा रहा था। 

पिथौरागढ़ के देवल थल निवासी दीपक बिष्ट पुत्र केदार बिष्ट उम्र 38 वर्ष उत्तराखंड परिवहन निगम की पिथौरागढ़ डिपो बस में गत शाम सवार होकर दिल्ली से पिथौरागढ़ जा रहा था। रास्ते में गजरौला के एक होटल में चाय पीने के दौरान जहरखुरानी गिरोह ने दीपक को अपना निशाना बनाया।

उसके पास रखे 22 हजार रुपये भी लूट लिए। जिसके बाद वह बेहोशी की हालत में बनबसा बस स्टैंड के समीप सड़क के किनारे पड़ा मिला। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने पर 108 के माध्यम से उसे उप जिला चिकित्सालय टनकपुर लाया गया। जहां डॉक्टर आफताब आलम ने उपचार किया। होश में आने पर युवक ने बताया कि वह पिथौरागढ़ डिपो की बस में दिल्ली से पिथौरागढ़ जा रहा था। गजरौला के समीप एक व्यक्ति ने उसे चाय पिलाई। इसके बाद वह बेहोश हो गया।

संबंधित समाचार