किच्छा: खनन कारोबारी ने ग्रामीण पर किया जानलेवा हमला, रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

किच्छा, अमृत विचार। पुलभट्टा थाना अंतर्गत सिरौली कला क्षेत्र में खनन कारोबारी ने आधा दर्जन हथियारबंद लोगों के साथ एक  ग्रामीण पर जानलेवा हमला कर दिया। मौके पर पहुंची ग्रामीण की पत्नी के साथ आरोपियों ने अश्लील हरकत शुरु कर दी।

घटना में घायल पीड़ित को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भर्ती कराया गया है। घटना के बाद तमाम ग्रामीणों के पहुंचने पर सभी आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलभट्टा पुलिस ने घायल ग्रामीण के भाई की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

 पुलिस को दी तहरीर में सिरौली कला, वार्ड नंबर 18, थाना पुलभट्टा निवासी शमशाद पुत्र अब्दुल नबी ने कहा कि चार बीघा कॉलोनी, सिरौली निवासी इशाक अहमद डनलप के माध्यम से नदी से अवैध मिट्टी एवं रेता ढुलाई का काम करता है। पीड़ित के अनुसार घर के सामने कच्चा रोड होने के कारण बरसाती जलभराव से रोड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।

बताया कि विगत 15 जुलाई की सुबह उसके भाई मोहम्मद कासिम ने खनन कारोबारी इशाक अहमद को सड़क खराब होने का हवाला देते हुए डनलप निकालने से मना किया। आरोप है कि इस दौरान इशाक अहमद ने गाली गलौज करते हुए अभद्रता शुरू कर दी और फोन कर अपने पुत्र अफजाल एवं कासिम सहित तीन चार अज्ञात युवकों को मौके पर बुला लिया। सूचना के बाद धारदार हथियारों एवं सरिया लेकर पहुंचे आरोपियों ने पीड़ित के भाई मोहम्मद कासिम के सिर पर वार कर जानलेवा हमला कर दिया।

इसी बीच शमशाद का कहना है की उसकी भाभी जब मौके पर पहुंची तो आरोपियों ने उसे पकड़ कर दुपट्टा खींच लिया और अश्लील हरकतें  शुरू कर दी। भाभी द्वारा शोर मचाए जाने के बाद तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। जिसके बाद सभी आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना में घायल भाई कासिम को इलाज के लिए गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय रुद्रपुर भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित के अनुसार सभी आरोपी दबंग व बदमाश प्रवृत्ति के हैं और आए दिन स्थानीय लोगों के साथ झगड़ा मारपीट करते हैं तथा आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी कई मुकदमे लंबित हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार