हल्द्वानी: डिग्री के लिए नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर, मोबाइल पर हो जाएगी उपलब्ध
हल्द्वानी, अमृत विचार। एमबीपीजी कॉलेज के वार्षिकोत्सव एवं सांस्कृतिक महोत्सव में पहुंचे उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि अब प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालयों और उनसे संबंद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को डिग्री के लिए विश्वविद्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। उनके मोबाइल पर विभाग के माध्यम से उनकी स्नातक, स्नाकोत्तर की डिग्री ऑनलाइन उपलब्ध करा दी जाएगी।
जबकि पूर्व में छात्र-छात्राओं को डिग्री के लिए विश्वविद्यालयों के चक्कर के काटने पड़ते थे। समय पर डिग्री भी उपलब्ध नहीं हो पाती है। मगर अब पढ़ाई पूरी होते ही उच्च शिक्षा विभाग विद्यार्थियों की डिग्री उनके मोबाइल पर ऑनलाइन पहुंचाएगा। महाविद्यालय स्तर पर 70 प्रतिशत अंक लाने वाले विद्यार्थियों को पांच हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
प्रदेश में बनेंगे 20 मॉडल कॉलेज, एमबीपीजी को अतिरिक्त राशि
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि उच्च शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रदेश में 20 कॉलेज को मॉडल कॉलेज बनाया जा रहा है। उन्होंने कुमाऊं के सबसे बड़े एमबीपीजी कॉलेज को मॉडल कॉलेज के रूप में विकसित करने के लिए 20 करोड़ रुपये अतिरिक्त देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इससे महाविद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों का चहुमुखी विकास होगा। कॉलेज में ही उन्हें सभी प्रकार की सुविधाएं प्राप्त होंगी। उन्होंने एमबी कॉलेज के सभागार में शीघ्र एसी लगाने की भी घोषणा की है।
400 असिस्टेंट प्रोफेसर और योग प्रशिक्षक होंगे तैनात
कैबिनेट मंत्री रावत ने कहा कि महाविद्यालयों से प्राध्यापकों की कमी को दूर करने के लिए 400 असिस्टेंट प्राफेसर तैनात करने की तैयारी चल रही है। इसके अलावा योग प्रशिक्षकों को महाविद्यालयों में शीघ्र नियुक्त किया जाएगा। प्रत्येक महाविद्यालय में एक-एक योग प्रशिक्षक नियुक्त होगा।
मंत्री बोले, इंदिरा हृदयेश का मिला मार्गदर्शन
उच्च शिक्षा मंत्री ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि स्व. इंदिरा ह्रदयेश का उन्हें हमेशा मार्गदर्शन मिला। हल्द्वानी आने पर मुलाकात के दौरान जब उनसे शिक्षा की बेहतरी पर चर्चा होती थी, तो वह हमेशा सकारात्मक सलाह दिया करती थीं।
विधायक सुमित ने महिला शौचालय बनाने की घोषणा की
एमबीपीजी कॉलेज के वार्षिकोत्सव समारोह में पहुंचे विधायक सुमित हृदयेश ने एमबीपीजी कॉलेज में महिला विधायक निधि से महिला शौचालय बनाने की घोषणा की। सरकार के कार्यों पर प्रश्न खड़े किए। कहा कि हल्द्वानी में बिजली, पानी जैसी मूलभूत समस्याओं के लिए भी लोगों को जूझना पड़ रहा है। लोगों के बीच सदभाव की भावना खत्म हो रही है।
यह भी पढ़ें: हल्द्वानी: छह माह के वेतन भुगतान को वन दफ्तर पर गरजे आउटसोर्स कर्मी
