Etawah News : गोली मारकर की थी युवक की हत्या, पुलिस मुठभेड़ में मुख्य हत्यारोपित गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इटावा में पुलिस मुठभेड़ में हत्यारोपित गिरफ्तार।

इटावा में पुलिस मुठभेड़ में हत्या के आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से बाइक, तमंचा व कारतूस बरामद हुआ।

इटावा, अमृत विचार। फ्रेंडस कॉलोनी थानाक्षेत्र की पुलिस व एसओजी टीम की सोमवार रात दतावली नहर पुल के हत्यारोपी से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के पैर में गोली मारकर दबोच लिया। आरोपी के पास से एक बाइक, तमंचा व कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। 

जानकारी के मुताबिक बीते 17 जुलाई की रात को ढाबा से खाने खाने के बाद फ्रेंडस कॉलोनी थानाक्षेत्र में घर जा रहे शिवम यादव नामक युवक की बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर हत्या कर दी थी। हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतक के पिता ने आरोपी विनय यादव समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस की टीमें लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी।

बता दें कि, पुलिस हत्या में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज चुकी थी। मामले में विनय यादव व उसके एक फरार साथी की पुलिस तलाश कर रही थी। सोमवार रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस दतावली नहर पुल के पास पहुंची। इसी दौरान विनय यादव भागने लगा।

पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। इस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि फरार एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा।

संबंधित समाचार