गोंडा: मां ने लगाई डांट तो बेटे ने ट्रेन के सामने कूद कर दे दी जान, शव को सीने से लगाकर फफक रही मां
मनकापुर, गोंडा, अमृत विचार। मां के हाथ की छपकी खाने तथा डांट का असर भी बच्चों पर नहीं रह गया है। किशोरवय अवस्था में बेटे को मां की डांट की नागवार गुजरी और चलती ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। किसी का तो कुछ नहीं बिगड़ा लेकिन डांटने वाली मां का बेटा चला गया।
सूचना पाकर घटना स्थल की ओर दौड़ी मां बेटे क्षतविक्षत शव को गले से लगाकर फफक पड़ी और कहने लगी कि काश बेटे को ना डांटा होता। बाल्यवस्था में कई बार डांट पिलाई लेकिन बेटा कभी उफ तक नहीं करता था लेकिन आज उसे क्या सूझी जो उसने अपनी जान दे दी।
मंगलवार को 17 वर्षीय युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्म हत्या कर ली। ट्रेन चालक ने घटना की मेमो सूचना स्टेशन अधीक्षक को दिया और स्टेशन अधीक्षक की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक मय फोर्स घटना स्थल पहुंच कर शव कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है।
क्षेत्र के मनकापुर-टिकरी रेल मार्ग पर स्थित रुद्वापुर स्थान जंगल के मध्य ग्राम परसापुर थनवा के मजरा चितहा निवासी प्रदीप कुमार चौहान उर्फ निरहू (17) पुत्र विजय चौहान साइिकल से घर से जंगल में पटरी पर आकर मनवर संगम एक्सप्रेस ट्रेन से कट कर आत्म हत्या कर लिया। घटना की सूचना परिजनों को मिलते ही कोहराम मच गया।
परिजन रोते-बिलखते घटना स्थल पर पहुंचे। मृतक पांच दिन पूर्व अमृतसर से वापस लौट कर आया हुआ था। मृतक के दो बडे़ भाई गुड्डू व मनोज कुमार हैं। प्रदीप को किसी बात को लेकर उसकी मां ने मंगलवार की सुबह डांटा था। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिह ने कहा कि शव को पीएम के लिए भेजा गया है और घटना की जांच-पड़ताल की जा रही है।
यह भी पढ़ें:-बहराइच : बाइक से बालिका को ठोकर मारने के विरोध पर मदरसे से हुआ पथराव - देखें Video
