काशीपुर: बस पलटने के मामले में आरोपी बस चालक के खिलाफ केस दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। बस पलटने से श्रमिक की मौत के मामले में पुलिस ने मृतक सनी देव के पिता की तहरीर के आधार पर अज्ञात बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जिसके बाद पुलिस ने बस चालक की तलाश शुरू कर दी है।

वार्ड नं- 3, सैनिक कालोनी, चांदपुर निवासी शंकर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 22 जुलाई की सुबह उनका पुत्र सनी देव बस से ड्यूटी करने रामनगर रोड स्थित काशी विश्वनाथ टेक्सटाइल मिल्स जा रहा था। बस में मीना देवी, अर्चना कुमारी, राखी, पुष्पा देवी, हिना, देवंती देवी, भगवती आर्या, आशा रावत, पूजा, मीना, भगवती पत्नी सुमरपाल सहित करीब 35-40 श्रमिक सवार थे।

जैसे ही बस फैक्ट्री से कुछ दूरी पर गांव धनौरी/लक्ष्मीपुर लच्छी के पास, श्मशान घाट के पास पहुंची, तभी चालक की लापरवाही से बस पलट गई जिससे सभी श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गये। उसके पुत्र सनी देव को गंभीर हालत में उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया और शेष गंभीर रूप से घायल श्रमिकों को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया।

इस दौरान कुछ श्रमिकों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी है तथा कुछ का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। घटना के बाद बस का चालक भाग गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बस चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। 

बाइक को टक्कर मारने वाले कार चालक के खिलाफ केस दर्ज
काशीपुर। ग्राम धनौरी निवासी प्रदीप सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 14 जुलाई को उसका भाई ग्राम लक्ष्मीपुर लच्छी निवासी हरजीत सिंह अपनी पत्नी निवेदिता के साथ बाइक से प्रतापपुर से अपने घर आ रहा था।  

शाम 4 बजे के करीब काशीपुर-रामनगर मार्ग के बीच में कैला मोड़ के आगे कार चालक लखवीर निवासी ग्राम प्रतापपुर ने बाइक को टक्कर मार दी।  जिससे उसके भाई के कूल्हे और टांगों में कई फ्रेक्चर हुए व उसकी पत्नी के बाएं घुटने व सिर में गंभीर चोटें आई है। साथ ही बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गयी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार