टनकपुर: ऑनलाइन ठगी के शिकार तीन लोगों के खातों में वापस कराए रुपये 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर महिलाओं को परेशान करने वाले दो आरोपियों को राजस्थान से किया गिरफ्तार 

टनकपुर, अमृत विचार। चम्पावत में पुलिस ने ऑनलाइन ठगी करने वालों पर शिकंजा कसकर तीन लोगों की धनराशि खातों में वापस करवाई। बता दें कि विगत दिनों जनपद चम्पावत के विभिन्न क्षेत्रों में साइबर ठगों ने तीन व्यक्तियों से ड्रीम 11 में लॉटरी लगाने व फेसबुक के माध्यम बिग बाजार से ऑनलाइन शॉपिग करने के नाम पर 1 लाख 61 हजार रुपये ऑनलाइन धोखाधड़ी कर ठग लिए।

इस सम्बन्ध में कोतवाली चम्पावत में रिपोर्ट दर्ज थी। साइबर सेल व चम्पावत पुलिस ने शिकायतकर्ताओं से लेनदेन का पूर्ण विवरण प्राप्त कर सम्बन्धित यूपीआई तथा बैंक नोडल से सम्पर्क कर आवेदकों के खाते में ठगी की रकम वापस करा दी। 

वहीं जनपद चम्पावत क्षेत्र में फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर महिलाओं को परेशान करने वाले दो आरोपियों को राजस्थान प्रदेश में जाकर गिरफ्तार किया गया। जनपद चम्पावत के थाना लोहाघाट व पंचेश्वर क्षेत्र में अज्ञात साइबर अभियुक्तों ने फेसबुक के माध्यम से महिलाओं की फर्जा आईडी बनाकर महिलाओं को परेशान किया जा रहा था। जिस सम्बन्ध में थाना लोहाघाट व पंचेश्वर में अभियोग पंजीकृत कर प्रकाश आये अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान भेजा गया था।

उक्त टीम ने दो अभियुक्तों दीपक सिंह मेहता पुत्र जीत सिंह निवासी ग्राम कानीकोट थाना पाटी जिला चम्पावत हाल निवासी थाना बहरोड़ जिला भिवाड़ी राजस्थान और पंकज सिंह पुत्र राम सिंह निवासी भौसाड़ी तलेट पो. ध्याड़ी थाना दन्या जिला अल्मोड़ा हाल निवासी पटेलमार्ग जयपुर, थाना सिपरापथ मानसरोवर, जिला जयपुर राजस्थान से गिरफ्तार किया गया।

इधर, पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा ने पुलिस टीम को इस सफलता पर इनाम देने की भी घोषणा की है। एसपी ने लोगों से अपील की है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा किये जाने वाले कॉल और मेसेज से सावधान रहें, किसी को भी अपना पासवर्ड, ओटीपी, सीवीवी शेयर ना करें। यदि कोई भी व्यक्ति ठगी का शिकार होता है तो तत्काल नजदीकी थाना, साइबर सेल के टोल फ्री नम्बर-1930, साइबर सेल चम्पावत 8476055260 पर जाकर भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। 

यह भी पढ़ें: हल्द्वानी: एमबीपीजी में 1099 सीटें शेष, समर्थ पोर्टल पर 30 जुलाई तक होंगे पंजीकरण
 

संबंधित समाचार