हल्द्वानी: बाइक नहीं दी तो तीन बच्चों की मां को दे दिया तीन तलाक
एसएसपी को दी शिकायत पर बनभूलपुरा पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
पीड़िती की मौसेरी बहन ने बना लिया तीन तलाक देने का वीडियो
हल्द्वानी, अमृत विचार। शादी के 10 साल बाद सिर्फ एक बाइक के लिए 3 बच्चों की मां को तीन तलाक दे दिया। इस मामले में पीड़िता ने एसएसपी से शिकायत की। जिसके बाद बनभूलपुरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दी। दावा है कि जिस वक्त आरोपी पति तीन तलाक दे रहा था, पीड़िता की मौसेरी बहन ने वीडियो बना लिया।
एसएसपी को दी शिकायत में अंसारी कालोनी गौलापार निवासी मेहनाज ने कहा कि उसकी शादी वर्ष 2013 में इंद्रानगर बनभूलपुरा निवासी फईम पुत्र स्व. शफीक से हुई थी। आरोप है कि दान-दहेज देने के बावजूद पति फईम, सास साजदा परवीन, देवर नदीमस नन्द फरहा, नन्दोई राजू व जेठ फरीद कम दहेज के लिए उससे मारपीट करते और दहेज में मोटर साईकिल की मांग करते।
बीती 23 जुलाई की रात पीड़िता मौसी के घर गई थी। जहां पति फईम भी पहुंच गया और गाली-गलौज, मारपीट करने लगा। कहा, अगर मोटर साइकिल नहीं मिली तो तलाक दे दूंगा और उसने तीन तलाक दे दिया। पीड़िता की मानें तो पति ने तलाक दिया तो मेरी मौसी की लड़की ने उसकी विडियो रिकार्डिंग कर ली।
