Hamirpur News : नीलगाय निकलने से आपस में टकराई तीन बाइक, एक की मौत, चार घायल, जानिए पूरा मामला
हमीरपुर में युवक की मौत से परिजनों में मचा कोहराम।
हमीरपुर के मुस्करा थानाक्षेत्र में नीलगाय निकलने से आपस में तीन बाइक टकरा गई। जिसमें एक की मौत हो गई। जबकि चार लोग घायल हो गए।
हमीरपुर, अमृत विचार। हमीरपुर मार्ग में नीलगाय के अचानक से निकलने पर तीन बाइकों की आपस में टक्कर हो गई। हादसे में चार लोग बुरी तरह से घायल हो गए, जबकि एक की मौत हो गई।
मुस्करा थाना क्षेत्र के गांव चिल्ली निवासी विमल चौरसिया पुत्र महेश्वरीदीन ने बताया कि वह गांव चिल्ली से मुस्करा बाजार आ रहा था, तभी अभिनव प्रज्ञा डिग्री कॉलेज के पहले पुलिया के पास अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई। इस दौरान मुस्करा की ओर से आ रहे बाइक सवारों से टकराकर उसकी बाइक से टकरा गई। जबकि उनके पीछे आ रही एक और बाइक टकरा गई। तीनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए।
हादसे में बसवारी निवासी गोकुल प्रसाद उसकी पत्नी पुनिया, दूसरी बाइक सवार रामकरण पुत्र छक्कू निवासी अलरा गौरा अपने साथ छत्रपाल पुत्र रामप्रकाश निवासी बिहुनी कलां के साथ किसी काम से मुस्करा से हमीरपुर जा रहा था। बताया छत्रपाल हेलमेट भी लगाया था। लेकिन हादसे में छत्रपाल को गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
राहगीरों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे एसएसआई नंदकिशोर यादव ने घायलों को एंबुलेंस से सीएससी भेजा। जहां पर छत्रपाल को देखते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बाकी लोगों का प्राथमिक उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी बृजमोहन ने बताया कि घटना में छत्रपाल कुशवाहा के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। छत्रपाल की मौत की खबर मिलते ही उसके पिता रामप्रकाश सीएचसी पहुंचे और शव देख गश खाकर बेहोश हो गए। लोगों ने किसी तरह उनको संभाल कर ढांढस बंधाया।
बताया कि छत्रपाल मुस्करा में सीमेंट सरिया की दुकान में सहयोगी के रूप में व्यापार करता था। जिसकी शादी लगभग 2 साल पहले ग्योंडी में हुई थी। मृतक अपने पीछे आठ माह की पुत्री और पत्नी को रोते बिलखते छोड़ गया है। नीलगाय के कारण घटित इस घटना से सभी लोग स्तब्ध हैं।
