रुद्रपुर: नदी में डूबकर तीन साल के मासूम की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खेलते-खेलते नदी किनारे पहुंचा था मासूम शिवम

परिजनों का आंगनबाड़ी केंद्र पर लापरवाही का आरोप

रुद्रपुर, अमृत विचार। ग्राम छतरपुर कॉलोनी में खेलते के दौरान एक मासूम के नदी में गिरने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जब तक परिवार को भनक लगती। तब तक मासूम ने दम तोड़ दिया था। जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटना की जानकारी ली। वहीं, परिजनों ने नजदीक ही बने आंगनबाड़ी केंद्र संचालित पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार बुधवार की दोपहर छतरपुर कॉलोनी निवासी अमरनाथ का तीन साल का मासूम शिवम खेलते-खेलते नजदीक ही बहती नदी के किनारे पहुंचा और पैर फिसलने के बाद नदी में जा गिरा। जिसके पीछे खड़े उसके दोस्त ने हल्ला मचाना शुरू कर दिया और भागकर मासूम के परिवार को बताया।

जब तक गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंचते। तब तक मासूम की डूबकर मौत हो चुकी थी। परिजनों का आरोप था कि मासूम को वह 11 बजे के करीब नजदीक ही बने आंगनबाड़ी केंद्र छोड़ गए थे। जहां केंद्र संचालिका के द्वारा लापरवाही बरती गई। जिस वजह से मासूम केंद्र से बाहर निकला और नदी किनारे पहुंच गया।

वहीं, आंगनबाड़ी केंद्र प्रबंधन का कहना था कि मृतक का बड़ा भाई उनके केंद्र में पढ़ता है, जबकि शिवम का अभी दाखिला नहीं हुआ है। इसमें केंद्र की कोई लापरवाही नहीं है। उधर, सिडकुल चौकी प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर जानकारी ली है। मासूम का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

यह भी पढ़ें: हल्द्वानी: एटीएम कार्ड बदल कर महिला को लगाई 1 लाख रुपये की चपत
 

संबंधित समाचार