नैनीताल में हवा में लटके 6 विदेशी पर्यटक, 5 बच्चे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

तकनीकी फाल्ट के चलते रोप-वे में 1 घंटे तक फंसे रहे पर्यटक और बच्चे 

नैनीताल, अमृत विचार। नैनीताल में रोप वे अचानक चलते-चलते बंद हो गई। इसके बाद उसमें सवार पर्यटकों की जान कुछ समय के लिए आफत में आ गई। रोप वे का संचालन करने वाली संस्था कुमाऊं मंडल विकास निगम के कर्मचारियों ने रोप-वे में सवार 6 विदेशी पर्यटकों समेत 5 स्कूली बच्चों व एक अन्य व्यक्ति को सकुशल रेस्क्यू कर उतारा।

मैकेनिकल फाल्ट के चलते रोप वे का संचालन अचानक बंद हो गया। इसके बाद रोप वे प्रबंधन में हड़कंप मच गया। इसके बाद हवा में लटकी ट्रॉली में रस्सी से छह विदेशी पर्यटकों समेत मौजूद लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित जमीन पर उतार दिया है।

बृहस्पतिवार को नैनीताल रोप वे में शाम 3: 30 बजे छह विदेशी पर्यटकों के साथ स्थानीय लोग अपने बच्चों के साथ स्नो व्यू की ओर जा रहे थे। ट्रॉली स्टेशन से 100 मीटर दूरी पर ट्रॉली पहुंची ही थी कि काउंटर साइड में एक आवाज आई। आवाज आने पर टेक्नीशियन ने जांच की तो वहां बेरिंग टूटा हुआ मिला।

जिसके बाद सुरक्षा की दृष्टि से ट्रॉली को रोक दिया गया। ट्रॉली रुकने से उसमें सवार लोग भयभीत हो गए। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए रोपवे प्रबंधन ने रेस्क्यू कर लोगों की रस्सी व अन्य उपकरणों के माध्यम से नीचे सुरक्षित उतार लिया। रोप वे प्रबंधक शिवम शर्मा ने बताया कि मैकेनिकल फाल्ट आने के चलते ट्रॉली को रोकना पड़ा। सभी सुरक्षित ट्रॉली से नीचे उतार लिया है।

 शुक्रवार को रोपवे का संचालन रहेगा बंद
 रोप-वे के मैनेजर शिवम शर्मा ने बताया कि रोप वे में आई तकनीकी खामी के बाद शुक्रवार को इसका संचालन बंद रहेगा। इस दौरान तकनीकी कर्मचारियों द्वारा रोप वे में आई तकनीकी खामी को दूर किया जाएगा।

संबंधित समाचार