बरेली: निर्माणाधीन मकान का झूला टूटने से पांच मजदूर घायल, तीन की हालत गंभीर
इचौरिया के रहने वाले हैं घायल मजदूर, जिला अस्पताल में भर्ती
बरेली/कैंट, अमृत विचार। कैंट क्षेत्र में लाल फाटक स्थित रामेश्वरमधाम कॉलोनी में निर्माणाधीन तीन मंजिला मकान का झूला अचानक टूट गया। जिससे गिरकर पांच मजदूर घायल हो गए। इनमें तीन की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिशारतगंज निवासी शिक्षक राजवीर सिंह रामेश्वरमधाम कॉलोनी में तीन मंजिला मकान बनवा रहे हैं। मकान की बाहरी दीवारों पर प्लास्टर के लिए उन्होंने इचौरिया निवासी रूपलाल, सुखराम, शेरसिंह,अरविंद और जयपाल को बुलाया था। गुरुवार को करीब 12 बजे पांचों मजदूर तीन मंजिल की दीवार पर प्लास्टर कर रहे थे। इसी दौरान बल्ली टूट गई और पांचों मजदूर करीब 30 फिट से नीचे गिर गए।
मजदूरों के गिरने पर चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची कैंट पुलिस ने गंभीर रूप से घायल मजदूर रूपलाल, सुखराम और शेर सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है। पांचों मजदूर एक वर्ष से ठेकेदार धनपाल के साथ काम कर रहे हैं। धनपाल भी इचौरिया का रहने वाला है।
ये भी पढ़ें- बरेली: बीडीए की आपत्ति... मेले की जमीन पर नहीं लगा सकते उद्योग
