भूखंडों पर अवैध प्लाटिंग करने वालों पर कठोरतम कार्यवाही जरूरी : मंडलायुक्त
लखनऊ , अमृत विचार। मंडलायुक्त डॉ रोशन जैकब की अध्यक्षता में ग्राम सभा की भूमि पर तथा अन्य भू-खंडों पर अवैध रूप से प्लाटिंग किये जाने व तालाबों के संरक्षण के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन आयुक्त सभागार कार्यालय में किया गया। इस अवसर अपर आयुक्त प्रशासन रणविजय यादव, एलडीए उपाध्यक्ष इंद्रमणि त्रिपाठी, ,अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ शुभी सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि ग्राम सभा की भूमि तथा अन्य भूखंडों पर अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग करने वालो को चिन्हित करते हुए कठोरतम कार्यवाही की जाए। साथ ही अगर किसी अधिकारी द्वारा भू-माफियाओं को संरक्षण दिया जा रहा है या फिर इसमें उनकी संलिप्तता है तो उनके खिलाफ भी विभागीय कार्यवाही किया जाना सुनिश्चित किया जाएगा। एलडीए,नगर निगम व ग्राम सभा की समस्त तालाबों को चिन्हित करते हुए तालाब के किनारे वृक्षारोपण कराया जाए।
मंडलायुक्त ने निर्देश देते हुए कहा कि ग्राम सभा की भूमि,अवैध भूखंडों व अनधिकृत प्लाटिंग का शतप्रतिशत सर्वे कराया जाना सुनिश्चित किया जाये। एलडीए, प्रशासन व नगर निगम द्वारा संयुक्त रूप से ध्वस्तीकरण कराते हुए, ग्राम सभा व अन्य जमीनो को कब्जा मुक्त कराया जाए।
ये भी पढ़ें -लखनऊ में 30 जुलाई को लगेगा हिन्दी साहित्यकारों का जमावड़ा
