अयोध्या : 70 हजार के बकाए पर बिजली कनेक्शन काटने गए कर्मी से अभद्रता, संविदा कर्मियों ने दिया धरना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मिल्कीपुर/ अयोध्या, अमृत विचार। विद्युत उपभोक्ता के पुत्र द्वारा संविदा कर्मी से अभद्रता व जान से मारने की धमकी सहित सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। अवर अभियंता ने पुलिस को तहरीर देते हुए मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई है।  
     
इनायत नगर थाना क्षेत्र के पूरे हरदीन गांव में मिल्कीपुर उपकेंद्र द्वारा वृहस्पतिवार को बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ वसूली का अभियान चलाया जा रहा था। उपभोक्ता विंध्य राज यादव पुत्र रामानंद व काशीराम यादव पुत्र कन्हैया लाल के परिसर को चेक किया गया तो 70 हजार से अधिक बकाया पाया गया। रसीद देकर कनेक्शन काटा जाने लगा तो उपभोक्ता द्वारा चेकिंग टीम से जमकर अभद्रता की गई। संविदा कर्मी लाइनमैन अंकित कुमार के साथ मारपीट की गई। टीम के वापस आने के बाद बिना बकाया जमा किए ही उपभोक्ता द्वारा कनेक्शन जुड़वाए जाने का दबाव बनाया गया। 

कनेक्शन न जोड़ने पर शाम को संविदा कर्मी लाइनमैन अंकित कुमार को इंद्राज यादव द्वारा फोन करके जमकर धमकाया गया। जानकारी मिलते ही सभी कर्मी लामबंद होकर अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण कार्यालय के सामने मामले में कार्रवाई को लेकर शुक्रवार को धरने पर बैठ गए। 

सूचना मिलते ही अधिशासी अभियंता एस एन यादव व उपखंड अधिकारी मिल्कीपुर अमित कुमार सिंह सहित अवर अभियंता मिल्कीपुर रामचरित्र मौके पर पहुंचे गए। स्थानीय लोगों की मानें तो संविदा कर्मी अंकित कुमार द्वारा आए दिन सभी ग्रामीणों को अक्सर परेशान किया जाता है। उपखंड अधिकारी मिल्कीपुर अमित कुमार सिंह ने बताया कि दर्जनों संविदा कर्मियों द्वारा संयुक्त हस्ताक्षरित तहरीर पुलिस को दी गई है। प्रभारी निरीक्षक नीरज सिंह ने बताया मामला उनके संज्ञान में नहीं है। तहरीर मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें -अयोध्या : मोदहा रेलवे ओवरब्रिज डिजाइन को लेकर सड़क पर उतरे अधिवक्ता

संबंधित समाचार