भवाली: पिकअप से हो रही थी लीसा तस्करी, गिरफ्तार
भवाली कोतवाली पुलिस ने ढुकाने चौराहे के पास से पकड़ा, पिकअप से 120 टिन लीसा
भवाली, अमृत विचार। पुलिस ने पिकअप से लीसा तस्करी करते हुए पकड़ा है। चालक को गिरफ्तार कर वाहन को मय लीसा के सीज कर दिया गया है।
भवाली कोतवाली प्रभारी उमेश मलिक ने बताया कि बीती 27 जुलाई की रात को मुखबिर ने लीसा तस्करी की सूचना दी। इस पर क्वारव चौकी प्रभारी बालकृष्ण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ढुकाने तिराहे के समीप रामगढ़-मुक्तेश्वर से आ रहे वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।
इस बीच एक पिकअप संख्या यूके 04 सीए 1866 को रोक कर चेकिंग की तो उसमें 120 टिन लीसा मिला। जब चालक हरेंद्र सिंह पुत्र भीम सिंह निवासी मुक्तेश्वर को वन उपज के दस्तावेज दिखाने को कहा तो दस्तावेज नहीं दिखा सका और उसने तस्करी की बात कबूल ली। फिलहाल वाहन को मय लीसा के सीज कर दिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस टीम में एसआई बालकृष्ण, कांस्टेबल आनंद राणा व महेंद्र सिंह शामिल थे।
