अयोध्या : एसबीआई से 20 लाख उड़ाने वाले गिरफ्तार, बरामद हुए सिर्फ 14 हजार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुदौली/अयोध्या, अमृत विचार। भारतीय स्टेट बैंक की रुदौली शाखा से दिनदहाड़े 20 लाख रुपये गायब होने के मामले में पुलिस को 10 माह बाद सफलता हाथ लगी है। मध्य प्रदेश के पांच आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया था। पांचों ने चार-चार लाख रुपये आपस में बांट लिए थे। शनिवार को तीन आरोपियों को पुलिस ने डकैती डालने की योजना बनाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से तीन तमंचा, मोबाइल और 14 हजार नगद के करीब बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि बाकी पैसे आरोपियों ने खर्च कर डाले हैं।

6 सितम्बर 2022 की सुबह 11 बजे स्टेट बैंक रुदौली शाखा में कैशियर चैम्बर से 20 लाख रुपए गायब हो गए थे, जिसकी जानकारी पुलिस को बैंक प्रबंधक ने शाम 4 बजे दी और मुकदमा दर्ज कराया था। बैंक के सीसीटीवी फुटेज में घटना में दो युवकों के शामिल होने की जानकारी सामने आई थी। पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए कई टीम बनाई थी। भेलसर तक बैंक से रुपए गायब करने वाले दो युवक बैटरी रिक्शे से जाते दिखाई पड़े थे। इसके आगे पुलिस की जांच नहीं बढ़ पा रही थी। शनिवार को सीओ सतेंद्र भूषण त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह ,वरिष्ठ उप निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार राय व अन्य ने मध्य प्रदेश के तीन बदमाश विक्की भानेरिया, कालू छायल उर्फ अभिनेक निवासी ग्राम कड़िया सांसी थाना बोड़ा जनपद राजगढ़ व कन्हैयालाल सिसोदिया निवासी ग्राम गुलखेड़ी थाना बोड़ा जनपद राजगढ़ को पुनः कस्बा रूदौली में डकैती की योजना बनाते हुए रेलवे लाइन ओवरब्रिज के नीचे पुष्करपुरम कस्बा रूदौली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से तीन तमंचा, पांच कारतूस, तीन मोबाइल, 14450 रुपये समेत एक मोटर साइकिल बरामद की है। कोतवाली रुदौली में बदमाशों के विरुद्ध केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया। 

आपस में बांट लिए थे चार-चार लाख

पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले को अंजाम मध्य प्रदेश के गिरोह ने दिया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना को पांच लोगों ने अंजाम दिया था। आरोपियों ने बताया कि सभी ने चार-चार लाख रुपये आपस में बांट लिए थे। उनका गिरोह जिस जगह वारदात को अंजाम देता है उस जगह पर साल भर तक नहीं जाते। उनके परिवार में शुरू से ही चोरी-डकैती का काम होता रहा है। आरोपी 200 से 300 किलोमीटर तक लगातार बाइक चला सकते हैं।

यह भी पढ़ें : लखनऊ : हाई टेंशन लाइन में छूने से ताजिया में लगी आग, हादसे में युवक घायल

संबंधित समाचार