बरेली: ताजिया उठाने को लेकर पूर्व प्रधान ने पीटा, रिपोर्ट दर्ज
इंस्पेक्टर के सामने दोबारा कार पर किया पथराव, कई घायल, रिपोर्ट दर्ज
बरेली/बिथरी चैनपुर, अमृत विचार। बिथरी चैनपुर क्षेत्र में ताजिया उठाने को लेकर पूर्व प्रधान ने अपने भाई और बेटों के साथ मिलकर ताजियेदार को जमकर पीटा। विरोध पर ताजिया में तोड़फोड़ भी की। मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर ने घायल ताजियेदार को प्रधान की गाड़ी से अस्पताल भिजवाया। आरोप है कि पूर्व प्रधान पक्ष ने इंस्पेक्टर के सामने ही गाड़ी पर दोबारा पथराव किया। जिसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने पूर्व प्रधान पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
भिंडोलिया निवासी ताजियेदार मुशर्रफ खां ने बताया कि शनिवार दोपहर वह ताजिया सजा रहा था। आरोप है कि तभी गांव के पूर्व प्रधान मोइनउददीन अपने बेटों सलाउददीन , वकीलउददीन, रविउददीन और भाई नन्हे बाबू और 15-20 लोगों के साथ वहा पहुंच गया और शोर-शराबा करने लगा। मुशर्रफ ने बताया जब वह ताजिया ले जाने लगा तो यह लोग हमलावर हो गए और उसके साथ मारपीट करने लगे।
आरोप है कि ताजिया भी तोड़ दिया। जिससे दहशत फैल गई। मौके पर इंस्पेक्टर अश्वनी कुमार फोर्स के साथ पहुंचे। उन्होंने प्रधान तस्लीम की गाड़ी से मुशर्रफ को अस्पताल ले जाने को भेजा, तभी मोइनउददीन दोबारा 15-20 लोगों के साथ आ गया और पुलिस के सामने ही कार पर हमला कर दिया। जिसमें कार सवार प्रधान के भाई बिलाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य इसरार खां, मोहमद अली घायल हो गए। फोर्स के आ जाने पर पुलिस ने सभी को खदेड़ा। इंस्पेक्टर अश्वनी कुमार ने बताया रिपोर्ट दर्ज कर पूर्व प्रधान को गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें- Bareilly: बेसिक स्कूलों में स्मार्ट क्लास के लिए बीडीए ने दिए 70 लाख रुपये
