हल्द्वानी: नर्सिंग की छात्रा ने फांसी लगाकर जान दी
जसपुर की रहने वाली छात्रा किराए पर रहकर कर रही पढ़ाई
छत कपड़े सुखाने गई मां लौटी तो फंदे से लटक रही थी बेटी
हल्द्वानी, अमृत विचार। मां और छोटे भाई के साथ किराए पर रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी। बेटी को फंदे पर लटका देख मां के पैरों तले जमीन खिसक गई। उसे फंदे से उतार कर फौरन अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है।
वार्ड 3 जसपुर ऊधमसिंहनगर निवासी विकास कुमार यहां एक लोहे के वर्कशॉप में काम करते हैं। जबकि उनकी 18 साल की बेटी अनुष्का पाल कॉलेज में नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। अनुष्का अपनी मां व छोटे भाई के साथ शिव विहार तल्ली बमौरी में किराए के मकान में रहती थी।
बताया जाता है कि बीते शनिवार की दोपहर अनुष्का पढ़ाई के बहाने अपने कमरे में चली गई और मां कपड़े सुखाने छत पर। कुछ देर बाद जब वह नीचे आई तो बेटी का शव फंदे से लटक रहा था और उसकी धड़कन चल रही थी। आनन-फानन में उसे फंदे से उतार कर परिजन निजी अस्पताल ले गए। जहां से उसे सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय भेज गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सकों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मॉर्चरी भेज दिया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मेडिकल चौकी प्रभारी हरिराम ने बताया कि अनुष्का ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इस पर परिजन कुछ नहीं बता सके और न परिजनों को मौके से सुसाइड नोट मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
