प्रतापगढ़: बच्चों से भरी मैजिक में पिकअप ने मारी टक्कर, एक छात्रा की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीएचसी लक्ष्मणपुर में सुविधा न मिलने पर ग्रामीण कर रहे प्रदर्शन

लालगंज/प्रतापगढ़। 18 बच्चों को स्कूल ले जा रही मैजिक में पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें एक छात्रा की मौत हो गई। जबकि अन्य बच्चे घायल हैं। इलाज की सुविधा न मिलने पर लोग पीएचसी लक्ष्मणपुर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। लीलापुर के बाबूगंज स्थित साधुरी शिरोमणि ग्रुप ऑफ एजूकेशन स्कूल के बच्चों को लेकर सोमवार सुबह साढ़े सात बजे मैजिक स्कूल जा रही थी। 

लक्ष्मणपुर साधन सहकारी समिति के पास मैजिक में पिकअप ने टक्कर मार दी। मैजिक खड्ड में चली गई और पिकअप भी पलट गया। पतुलकी निवासी शरीफ पुत्र अजहर मैजिक चला रहा था। दुर्घटना में मैजिक पर सवार मानसी सरोज,  नैना आठ वर्ष, यश आठ वर्ष, आयुष सात वर्ष, संजना नौ वर्ष, कार्तिक सात वर्ष, वैभव छह वर्ष, अर्पित सात वर्ष, शेफ अली आठ वर्ष समेत सभी बच्चे घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए ट्रामा सेंटर लालगंज लाया गया। 

यहां चिकित्सकों ने घायल सात वर्षीय छात्रा मानसी पुत्र उमेश सरोज निवासी पतुलकी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रुप से घायल नौ बच्चों का इलाज चल रहा है। अन्य का प्राथमिक उपचार हुआ। घायल मैजिक चालक का भी इलाज चल रहा है।पिकअप चालक पुलिस हिरासत में है।  

लक्ष्मणपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कोई इमरजेंसी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध ना होने से बच्चों की हालत और बिगड़ गई। इसी लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया। इस बात से आक्रोशित लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। सांसद प्रतापगढ़ संगम लाल गुप्ता के खिलाफ नारेबाजी भी कर रहे हैं। सीओ लालगंज रामसूरत सोनकर ने बताया कि पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

ये भी पढ़ें - प्रयागराज : बैठक कर किसानों ने भूमि अधिग्रहण को लेकर की चर्चा

संबंधित समाचार