हरिद्वार: अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के शातिर चोर को गिरफ्तार 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरिद्वार, अमृत विचार। 28 जुलाई की रात अत्मलपुर बोंगला बहादराबाद निवासी मनीष कुमार की थार गाड़ी घर के बाहर से चोरी कर ली गई थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। एसएसपी अजय सिंह की ओर से अलग-अलग टीमें गठित कर खुलासे के लिए अन्य राज्यों में भेजी गई।

सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए पुलिस टीम आरोपी का पीछा ग्राम जैदापुर पलवल हरियाणा पहुंची। पलवल से करमन टोल प्लाजा से जाते हुए थार गाड़ी की पहचान कर ली। उसका पीछा करते हुए ने पुलिस ने निजी वाहन को थार के सामने लगाते हुए रोकने का प्रयास किया। लेकिन आरोपी ने रफ्तार तेज कर दी।

एसपी सिटी ने दावा किया कि उप निरीक्षक अशोक सिरस्वाल ने कुछ राउंड फायर कर गाड़ी के टायर में पंचर किया। इसके बाद स्थानीय पुलिस की मदद से घेराबंदी कर मुख्य आरोपी रतन सिंह मीना शिवनगर कालोनी जिला जयपुर राजस्थान को गिरफ्तार कर लिया। फरार आरोपी अनिल की तलाश की जा रही है। 


 थाना प्रभारी रविंद्र शाह ने बताया कि आरोपी रतन वर्ष 2017 में जेल में रहने के दौरान फरार आरोपी के संपर्क में आया था। दोनों आरोपी इसी महीने जमानत पर छूटे हैं। कई राज्यों में चल रहे मुकदमों में खर्चे के कारण आर्थिक तंगी खड़ी होने के बाद कुछ काम न मिलने से वह हरिद्वार आया था। बहादराबाद क्षेत्र में 28 जुलाई की रात अपने साथी के साथ थार गाड़ी को चोरी कर लिया था। अब आरोपी मेवात में गाड़ी को बेचने की फिराक में थे।

मुकदमे में धारा 420, 467, 468, 471 की बढ़ोत्तरी की गई है। आरोपी नए सेंसर वाले वाहनों को कोडिंग मशीन से डिकोड कर उसकी नई चाबी बनाकर साफ्टवेयर हैक कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुराने वाहनों को चोरी कर मेवात, दिल्ली में कटवाते थे फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पकड़े गए आरोपी के माध्यम से कुछ नए जानकारी सामने आ सकती है।

संबंधित समाचार