Etawah News : बाइक सवार लुटेरों का आतंक, महिला के गले से लूटी चेन, मंदिर से पूजा कर लौट रही थी, CCTV में कैद घटना
इटावा में बाइक सवार लुटेरों ने महिला की चेन लूटी।
इटावा में बाइक सवार लुटेरों ने महिला की चेन लूट ली। महिला मंदिर से पूजा कर अपने घर लौट रही थी। भागते बाइक सवार लु़टेरों की तस्वीर सीसीटीवी में कैद हो गई।
इटावा, अमृत विचार। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला शिवा कालोनी में सोमवार की सूबह मंदिर से पूजा कर अपने घर लौट रही एक महिला के गले से बाइक सवार लुटेरों ने चेन लूट ली और भाग निकले। सुबह के समय हुई वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। पुलिस ने बदमाशों को पकडने के लिए चैकिंग अभियान चलाया। लुटेरों का पता नही चल सका। लुटेरो की फोटो मोहल्ले में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस उसी के आधार पर लुटेरों की तलाश कर रही है।
मोहल्ला शिवा कॉलोनी निवासी अशोक कुमार सिंह की पत्नी आशा सिंह सोमवार की सुबह करीब सात बजे अपने घर से पूजा करने के लिए मंदिर को निकली थी। पूजा करने के बाद वह अपने घर जा रही थी। करीब सात बजकर 50 मिनट पर जब वह अपने घर के दरवाजे पर पहुंची तभी बाइक पर सवार दो लुटेरे उनके पास रुके वह कुछ समझ पाती तभी बाइक सवार लुटेरों ने उतर कर उनके गले में पडी चेन लूट ली और बाइक पर सवार होकर भाग निकले। चेन लुटने के बाद उन्होने शोर मचाया।
शोर सुनकर घर व आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने बाइक सवार बदमाशों की खोजबीन की लेकिन उनका कोई सुराग नही लग सका। सुबह सुबह हुई लूट की जानकारी मिलने पर एसपी सिटी कपिल देव सिंह के अलावा सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया। लुटेरों को पकड़ने के लिए पुलिस ने चैकिंग अभियान चलाया।
लुटेरों का कोई पता नही चल सका। पुलिस ने जब मोहल्ले में लगे सीसीटीवी टीवी कैमरों कोदेखा तो उसमें लुटेरों की तस्वीर दिखी। पुलिस उसी के आधार पर लु़टेरों की तलाश में जुटी है। सुबह के समय हुई लूट की इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा हो गया। एसपी सिटी ने बताया कि लुटेरों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे है। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
