हल्द्वानी: उच्च शिक्षा: प्राध्यापकों के 450 नए पदों पर नियुक्ति का प्रस्ताव
हल्द्वानी, अमृत विचार। प्रदेश के विश्वविद्यालयों व इनके तहत आने वाले राजकीय महाविद्यालयों में प्राध्यापकों के करीब 33 प्रतिशत पद रिक्त हैं। उच्च शिक्षा निदेशालय ने 450 नए पदों के लिए शासन को अधियाचन भेजा है।
प्रदेश के 119 राजकीय महाविद्यालयों के लिए प्राध्यापकों के 2323 पद स्वीकृत हैं। इसके सापेक्ष 1540 पद भरे हैं और 783 पद खाली हैं। प्राध्यापकों की कमी को दूर करने के लिए संविदा प्राध्यापक भी रखे गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के महाविद्यालयों में प्राध्यापकों और संसाधनों का अधिक अभाव है।
इधर शासन ने प्रदेश के महाविद्यालयों में नई शिक्षा नीति भी लागू कर दी है। इसके तहत 40 बच्चों पर एक प्राध्यापक तैनात करने की योजना है। जबकि पुरानी व्यवस्था में 80 विद्यार्थियों पर एक शिक्षक का प्रावधान है। एनईपी के अनुसार महाविद्यालयों में प्राध्यापकों के पद फिलहाल पूरे नही हैं। हिंदी, अंग्रेजी, विज्ञान, अर्थशास्त्र जैसे विषयों में प्राध्यापकों की कमी बनी हुई है।
उपनिदेशक उच्च शिक्षा डॉ. आरएस भाकुनी ने बताया कि राजकीय महाविद्यालयों में प्राध्यापकों के रिक्त पदों के संबंध में 450 नए पदों के लिए शासन को अधियाचन भेजा गया है, जिन महाविद्यालयों में प्राध्यापकों की कमी है। वहां पर संविदा शिक्षक पढ़ाने का काम कर रहे हैं। जल्द ही नए पदों के भरे जाने की उम्मीद है।
इन विषयों में सबसे अधिक रिक्त पद
विषय सृजित पद रिक्त
हिंदी 212 66
अंग्रेजी 177 90
गणित 112 46
भौतिक विज्ञान 125 49
रसायन विज्ञान 140 48
जंतु विज्ञान 118 46
अर्थशास्त्र 154 60
समाज शास्त्र 140 37
इतिहास 139 39
संस्कृत 98 38
