काशीपुर: ग्राम पंचायतों में चालू होगा कूड़ा कलेक्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कलेक्शन सेंटर बनाकर प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट में होगा कूड़े का निस्तारण

कुंदन बिष्ट, काशीपुर, अमृत विचार। नगर निगम की तर्ज पर काशीपुर की ग्राम पंचायतों में भी कूड़ा कलेक्शन चालू होगा। वाहनों के माध्यम से घरों से कूड़ा लाकर ग्राम पंचायत क्षेत्र में ही बने कूड़ा कलेक्शन सेंटर में डाला जाएगा। इसके बाद इस कूड़े को वाहन के माध्यम से प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट ले जाया जाएगा। यहां प्लास्टिक को कंपेक्ट कर रीसाइक्लिंग के बाद हरिद्वार भेजा जाएगा।

दरअसल, काशीपुर में 33 ग्राम पंचायतें हैं। ग्राम पंचायतों में कूड़ा कलेक्शन सेंटर बनाए गए हैं। प्रत्येक ग्राम पंचायत में वाहनों के माध्यम से घरों से कूड़ा लगाकर कलेक्शन सेंटर में डाला जाएगा। प्लास्टिक कूड़े के निस्तारण के लिए गांव शिवलालपुर अमरझंडा में स्वजल परियोजना और जिला पंचायत द्वारा 9.06 लाख रुपये की लागत से विकासखंड स्तरीय प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट स्थापित की जा रही है।

वहीं, कूड़ा सेंटर से कूड़ा एकत्र करने के लिए ब्लॉक को भी एक वाहन उपलब्ध कराया गया है। यह वाहन ग्राम पंचायतों में बने कूड़ा सेंटर से कूड़ा एकत्र कर प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट तक लाएगा। जहां प्लास्टिक को कंपेक्ट कर रीसाइक्लिंग के हरिद्वार भेजा जाएगा। यूनिट का स्ट्रक्चर तैयार होने के बाद मशीन स्थापित कर दी गई है। रंगाई-पुताई व बिजली का कनेक्शन के बाद इसी माह से यूनिट चालू कर दी जाएगी।

कूड़ा कलेक्शन सेंटर से कूड़ा उठाने को एक वाहन नाकाफी
काशीपुर। 33 ग्राम पंचायतों में बने कूड़ा कलेक्शन सेंटर से कूड़ा उठाने के लिए ब्लॉक को महज एक वाहन दिया गया है। जिसके चलते एक ग्राम पंचायत से कूड़ा उठाने पर दोबारा उस ग्राम पंचायत का नंबर 10 दिन बाद आएगा। ऐसे में पूरी 33 ग्राम पंचायतों में कूड़ा उठाने के लिए वाहन नाकाफी होगा।

ब्लॉक को ग्राम पंचायतों में बने कूड़ा सेंटर से कूड़ा उठाने के लिए एक वाहन मिला है। जिसका रोस्टर तैयार किया जा रहा है। ग्राम पंचायतें अपने-अपने स्तर पर घरों से कूड़ा कलेक्शन कर ग्राम पंचायतों में बने कूड़ा सेंटर तक भेजेंगे। इसके बाद ब्लॉक को मिले वाहन से इस कूड़े को सेंटर से उठाकर रीसाइक्लिंग के लिए प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट भेजा जाएगा।
-रमेश चंद्र नैलवाल, बीडीओ, काशीपुर

संबंधित समाचार