हल्द्वानी: बारिश से आफत, 3 स्टेट हाईवे व 17 ग्रामीण मार्ग बंद
हल्द्वानी, अमृत विचार। रुक-रुककर हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बारिश के कारण नदी और नाले पर उफान पर आ गये हैं। वहीं जिले में 3 स्टेट हाईवे व 17 ग्रामीण मार्ग मलबा आने से बंद हो गये हैं। जिन्हें जेसीबी की मदद से खोलने का काम चल रहा है।
मानसून की बारिश लोगों पर आफत बनकर बरस रही है। बारिश से सबसे ज्यादा नुकसान पर्वतीय क्षेत्रों की सड़कों को हुआ है। आपदा कंट्रोल रूम के मुताबिक बारिश के दौरान मलबा आने से जिले में 4 स्टेट हाईवे व 17 ग्रामीण मार्ग बंद हुए हैं। इसमें नैनीताल-किलवरी स्टेट हाइवे आंशिक रूप से बंद है। जबकि अन्य पूर्ण रूप से बंद हैं।
बंद पड़े स्टेट हाईवे में रामनगर-भंडारपानी-तल्लीसेठी, गर्जिया-बेतालघाट और रामनगर-तल्लीसेठी-बेतालघाट शामिल हैं। जबकि ग्रामीण मार्गों में राजभवन-ईस्ट लेगन रोड, जलालगांव-देचारी, फतेहपुर-बेल बसानी, बिनकोट-चंद्रकोट, ढोलीगांव-कैड़ागांव, डोला न्याय पंचायत मार्ग, देवीपुर-सौड़, अमगड़ी-पाटकोट, काण्डाडोन-परेवा, फतेहपुर-पीपल-अडिया, पांडेगांव-तलिया मार्ग, कोटाबाग-देवीपुरा, देवीपुरा-सौड-बाघनी, देवीपुरा-सौड, भंडारपानी-पाटकोट-ओखलढूंगा-अमोठा, भंडारपानी-अमोठा तथा सूखा घोडिया टापू आदि शामिल हैं। सभी मार्गों में आए मलबे को हटाने का काम तेजी से चल रहा है।
बेतालघाट में हुई सबसे ज्यादा बारिश
बुधवार को जिले में सबसे ज्यादा बारिश बेतालघाट में हुई। पिछले 24 घंटे में यहां 37.5 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। इसके अलावा नैनीताल (स्नो व्यू) में 28.5 एमएम, हल्द्वानी (काठगोदाम) में 25 एमएमए, कोश्याकुटोली में 10.4 एमएम, धारी में 18 एमएम, रामनगर में 30 एमएम, कालाढूंगी में 29 एमएम तथा मुक्तेश्वर में 15.9 एमएम बारिश हुई। आपदा कंट्रोल रूम के अनुसार जिले में कुल 25.5 एमएम वर्षा हुई है। बारिश से गौला नदी का जलस्तर 1650 क्यूसेक पहुंच गया है। जबकि कोसी का जलस्तर 6517 व नंधौर का जलस्तर 3704 क्यूसेक पहुंच गया है।
1650 क्यूसेक पहुंचा गौला में पानी
पहाड़ों में हो रही झमाझम बारिश से गौला नदी के जलस्तर में बढ़ोत्तरी हुई है। बीते मंगलवार को गौला नदी जलस्तर जहां 1300 क्यूसेक रहा। वहीं बुधवार को जलस्तर 1650 क्यूसेक रिकार्ड किया गया। गौला बैराज इंचार्ज मनोज तिवारी ने बताया कि बुधवार सुबह 8 बजे तक गौला का जलस्तर लगभग 1149 क्यूसेक रहा जो बारिश के बाद देर शाम तक 1650 क्यूसेक पहुंच गया। बताया कि बुधवार सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक करीब 10 एमएम बारिश रिकार्ड हुई है।
