देहरादून: मंडी किसानों के लिए बनाई, लाभ ले रहे दूसरे
विभागीय समीक्षा बैठक में बोले कृषि मंत्री गणेश जोशी
11 को देहरादून में किसान गोष्ठी, देंगे सेब नीति में सुझाव
देहरादून, अमृत विचार। कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मंडी किसानों के लाभ के लिए बनाई गई हैं, लेकिन किसानों की जगह अन्य लोगों को इसका लाभ मिल रहा है। अधिकारियों को चाहिए वे अपनी कार्य प्रणाली में सुधार लाएं।
गुरुवार को कृषि एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी से कार्य करने निर्देश दिए। परंपरागत कृषि विकास योजना (पीकेवीवाई) के अंतर्गत आउटलेट के कार्यों में तेजी और तय समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के भी निर्देश दिए।
मंत्री ने उद्यान विभाग के अधिकारियों को एप्पल मिशन पर विशेष ध्यान देने के साथ आगामी 11 अगस्त को प्रदेशभर के सभी सेब काश्तकारों को देहरादून किसान भवन में गोष्ठी का आयोजन कराने के निर्देश दिए। कहा कि गोष्ठी में काश्तकारों के सुझाव लेकर उन्हें सेब नीति में शामिल किया जाएगा।
मंत्री ने कोल्ड चेन डेवलप करने के निर्देश दिए। कहा कि, दो गाड़ियां गढ़वाल और दो गाड़ियां कुमाऊं में लगाई जाएं, ताकि किसानों को उनकी पैदावार का उचित समय में उचित दाम मिल सके। औद्यानिक फसलों के ढुलान के लिए रोपवे का निर्माण किया जाए।
किसानों के हितों में भविष्य के लिए दीर्घकालिक रणनीति बनाई जाए। सेब की एमएसपी बढ़ाने पर भी अधिकारियों को पुनरीक्षण करने के निर्देश दिए। बैठक में कृषि सचिव दीपेंद्र चौधरी, कृषि महानिदेशक रणवीर सिंह चौहान, कृषि निदेशक गौरी शंकर, संयुक्त निदेशक केसी पाठक सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
