रुद्रपुर: पुनर्स्थापित करने की मांग को लेकर दुकानदारों ने किया प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

राममनोहर लोहिया मार्केट के दुकानदारों ने उठाई आवाज

वादाखिलाफी करने पर दी आंदोलन की चेतावनी

रुद्रपुर, अमृत विचार। जी-20 के नाम पर उजाड़े गए राम मनोहर लोहिया मार्केट के दुकानदारों ने डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया और डीएम को ज्ञापन देकर पुनर्स्थापित करने की मांग की। आगाह किया कि यदि वादाखिलाफी की तो आंदोलन किया जाएगा।

गुरुवार को उजाड़े गए दुकानदारों का कहना था कि विगत कुछ माह पहले रामनगर में हुए जी-20 शिखर सम्मेलन के नाम पर राममनोहर लोहिया, समोसा मार्केट और फंड व्यापारियों को अतिक्रमणकारी बताकर उजाड़ दिया गया था। जिसके बाद दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट गहराने लगा है। वहीं विधायक की मौजूदगी में प्रशासन ने आश्वासन दिया था कि जल्द ही भूमि को चिह्नित कर दुकानदारों को विस्थापित किया जाएगा। अभी तक कोई संतोषजनक कदम नहीं उठाए गए।

उन्होंने कहा कि कई माह बीत जाने के बाद दुकानदारों के सामने आर्थिक संकट गहरा चुका है और परिवार की स्थिति दयनीय हो रही है। उन्होंने चेताया कि यदि जल्द ही सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर इंद्रजीत सिंह, संजीव जोशी, नवीन तेवतिया, प्रिंस बंसल, नरेंद्र चावला, ललित मोहन, श्याम लाल, रामकिशन ग्रोवर, हरजीत सिंह आदि मौजूद थे।

 

संबंधित समाचार