शक्तिफार्म: बकाया पैसा क्या मांगा जिगरी दोस्त को ही फावड़े से काट डाला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शक्तिफार्म, अमृत विचार। गांव बैकुंठपुर में नशेड़ी युवक ने अपने ही जिगरी दोस्त की कस्सी (फावड़ा) से गर्दन काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारोपी दोस्त को घटना के 10 घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया है। 
 

पुलिस के अनुसार, ग्रामसभा बैकुंठपुर निवासी अखिल बाला उर्फ भोला (42) पुत्र बृजवासी बाला बुधवार को काम से लौटने के बाद देर रात अपने दो दोस्तों के साथ बैठा था। जहां काम के बकाया पैसों को लेकर गांव के ही निवासी नंदू सरकार (40) पुत्र कालीपद सरकार के साथ उसका विवाद हो गया।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर नंदू सरकार ने क्रोधित होकर फावड़े से अखिल की गर्दन पर तीन से चार बार हमला किया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी।     

एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने गुरुवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि हत्यारोपी नंदू बेरोजगार होने के साथ नशेड़ी प्रवृत्ति का है, जिसने पैसों को लेकर हुई कहासुनी पर धारदार हथियार से अखिल की गर्दन काट कर उसकी हत्या कर दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने तत्परता से आरोपी नंदू सरकार को वारदात के 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर उसके पास हत्या में प्रयुक्त कस्सी को बरामद कर लिया है। नंदू के खिलाफ हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है।

गिरफ्तार करने वाली टीम में कोतवाल भूपेंद्र सिंह बृजवाल, एसएसआई हरविंदर कुमार, उप निरीक्षक विक्रम सिंह, चंदन सिंह बिष्ट, हेड कांस्टेबल कुंदन सिंह, नरेंद्र यादव, कॉन्स्टेबल कमलनाथ गोस्वामी, मनोज जोशी मौजूद रहे।

ग्रामीणों के अनुसार, अखिल और नंदू में घनिष्ठ मित्रता थी। दोनों का खाना-पीना, उठना-बैठना साथ लगा रहता था। दोनों का एक-दूसरे के घर पर आना-जाना था। आरोपी नंदू का विवाह नहीं हुआ था और वह बेरोजगार था। कभी-कभी वह अखिल के घर, खेत-ज़मीन का काम कर दिया करता था। वहीं, अखिल मजदूरी करता था और शादीशुदा था। उसके दो छोटे बच्चे हैं। उसकी हत्या के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है।

संबंधित समाचार