Bareilly: उप मुख्यमंत्री का कार्यक्रम निरस्त, धरी रह गईं तैयारियां
शुक्रवार देर शाम सूचना मिलने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में छाई मायूसी तो अधिकारियों ने ली राहत की सांस
बरेली, अमृत विचार। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आगमन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को दिनभर अधिकारी और कर्मचारी डटे रहे। इस बीच देर शाम अचानक कार्यक्रम निरस्त होने की सूचना आई, इससे पार्टी कार्यकर्ता मायूस दिखे। उप मुख्यमंत्री के स्वागत की तैयारियां धरी रह गईं। दूसरी तरफ अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
तीन दिन पहले उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आगमन का कार्यक्रम आने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अफसर तैयारियों में लगे थे। कार्यक्रम के मुताबिक उप मुख्यमंत्री पूर्वाह्न 11:20 बजे पुलिस लाइन में हेलिकॉप्टर से उतरने के बाद भाजपा के सिविल लाइंस स्थित कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ करीब घंटेभर संवाद करते।
इसके बाद सर्किट हाउस में ब्लॉक प्रमुखों और बीडीओ के सम्मेलन में हिस्सा लेना था। जिले की विकासशील एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करने के साथ ही खाद्य एवं प्रसंस्करण केंद्र के अधिकारियों के साथ सर्किट हाउस में बैठक करने का कार्यक्रम निर्धारित था।
लिहाजा, एक दिन पहले ही विकास भवन समेत अन्य विभागों में दिनभर हलचल रही। अधिकारी और कर्मचारी योजना की प्रगति रिपोर्ट तैयार करने में जुटे रहे। सर्किट हाउस का मीटिंग हाल पूरी तरह से तैयार किया जा चुका था। कुर्सियां बिछाने के साथ ही मंच बनाने की तैयारी देर शाम तक चलती रही। इस बीच अचानक कार्यक्रम टला तो अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
यह भी पढ़ें- Bareilly: इज्जतनगर मंडल के तीन स्टेशनों का प्रधानमंत्री करेंगे शिलान्यास
