Kanpur: मोबाइल हो गया चोरी, शिक्षक मैसेज कर परेशान कर रहा था, इंटर की छात्रा ने चुनी मौत, सहेलियों ने खोला राज
कानपुर में इंटर की छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी।
कानपुर के जूही थानाक्षेत्र में शिक्षक से परेशान होकर इंटर की छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
कानपुर, अमृत विचार। जूही थानाक्षेत्र में शिक्षक के मैसेजों से परेशान इंटर की छात्रा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह आरोप घरवालों और सहेलियों ने लगाया है। उधर, यह बात भी सामने आ रही है कि स्कूल में लंच के समय उसका मोबाइल किसी ने चोरी कर लिया था जिसके बाद वह काफी परेशान थी।
घर पहुंचकर छात्रा ने रोते बिलखते घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजन जब तक कुछ समझ पाते, छात्रा ने कमरे की लाइट बंद कर फांसी लगा ली। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अभी घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।
जूही गढ़ा जमुना देवी का हाता निवासी नीति शर्मा (15) आनंदपुरी स्थित सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल में इंटर की छात्रा थी। वह पढ़ने में काफी होशियार थी। उसके पिता नरेश कुमार शर्मा ने बताया कि उनकी फर्नीचर की दुकान है। पत्नी रजनी का काफी समय पहले देहांत हो चुका है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह वह स्कूल चली गई थी। इसके बाद दोपहर करीब 2.30 बजे छुट्टी होने पर घर लौटी तो काफी गुमसुम थी।

परिजनों के वजह पूछने पर उसने रोते बिलखते लंच के समय स्कूल से एनड्रॉयड मोबाइल चोरी हो जाने की बात बताई। कुछ देर बाद छात्रा ने अंदर के कमरे में अंगौछे से फांसी लगा ली। दोपहर करीब तीन बजे सौतेली मां सोनी जब खाना देने गई कमरे में उसे लटके देखा। उसने घर में मौजूद देवर सुरेश को जानकारी दी। इसके बाद पिता को फोन कर बेटी के फांसी लगाने की जानकारी दी गई।
बाद में पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए। घटना के बाद से परिजनों में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है। कहा कि स्कूल के उस टीचर के खिलाफ कार्रवाई करेंगे जो बेटी को मैसेज से परेशान करता था।
सहेलियों ने खोला राज
घटना की जानकारी पर शाम को नीति की सहेलियां घर पहुंच गईं। परिजनों और पिता ने उन्हें बताया कि मोबाइल चोरी हो जाने पर नीति ने यह कदम उठाया है। इस पर सहेलियों ने एतराज जताया और कहा कि स्कूल के एक टीचर लगातार उसे मैसेज करके परेशान करते थे। नीति ने सहेलियों को यह बात बताई थी लेकिन पता नहीं क्यों उसने परिवार से इस बात को छिपाए रखा।
बुआ के घर काफी समय रुककर की पढ़ाई
परिजनों ने बताया कि दिल्ली में रहने वाली बुआ शांति के घर नीति ने काफी समय रुककर कक्षा पांच तक पढ़ाई पूरी की। बुआ के बेटे अतुल ने बताया कि वह पढ़ाई में होशियार थी। घर की इकलौती होने के कारण मां के निधन के बाद परिवार की भी जिम्मेदारी संभाली।
मोबाइल में तो नहीं छिपे राज
शिक्षक के मैसेज करके परेशान करने और मोबाइल चोरी होने पर परिजनों ने किसी साजिश का गंभीर आरोप लगाया है। उन लोगों का साफ कहना है कि कहीं मोबाइल में तो राज नहीं छिपे हैं। मोबाइल लगातार बंद बता रहा है।
अभी तक इस मामले में परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। यदि वह स्कूल शिक्षक पर आरोप लगा रहे हैं, तो जरूर मुकदमा लिखा जाएगा।- जितेंद्र सिंह, जूही इंस्पेक्टर
