हल्द्वानी: घरेलू सिलेंडर से जल रहा रेस्टोरेंट का चूल्हा, सिटी मजिस्ट्रेट ने मारा छापा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुखानी में अतिक्रमण की कार्रवाई के दौरान पकड़ा गया गोरखधंध

नहर कवरिंग रोड से टीम ने जब्त किए आधा दर्जन घरेलू सिलेंडर

हल्द्वानी, अमृत विचार। अतिक्रमण मुक्त फुटपाथ के लिए निकली सिटी मजिस्ट्रेट की नजर रेस्टोरेंट पर पड़ी तो तमाम रेस्टोरेंट की रसोई घरेलू गैस सिलेंडर से जलती मिली। सिटी मजिस्ट्रेट ने मुखानी नहर कवरिंग रोड पर स्थित रेस्टोरेंट व खाने पीने की दुकान से आधा दर्जन सिलेंडर जब्त किए हैं। 

बता दें कि फुटपाथ पर हुए कब्जे की वजह से मुखानी नहर कवरिंग रोड पर हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है। इसको देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट ने रविवार को लोक निमाण विभाग, पूर्ति विभाग और पुलिस के साथ मिलकर मुखानी चौराहे से फुटपाथ खाली कराने का अभियान शुरू किया।

अभी वह व्यापारियों के काउंटर और सामान फुटपाथ से हटा ही रहीं थी कि तभी उनकी नजर रेस्टोरेंट के चूल्हे में लगे घरेलू गैस सिलेंडर पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने आस-पास स्थित सभी रेस्टोरेंट और खाने पीने की दुकानों को खंगाल डाला। इस दौरान कुल 6 घरेलू गैस सिलेंडर मिले, जिसे प्रशासन की टीम ने जब्त कर पूर्ति विभाग के सुपुर्द कर दिया।

साथ ही अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी कि इस बार उन्हें बिना चालानी कार्रवाई के छोड़ा जा रहा है, लेकिन 10 जून से अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा और जो पकड़ा जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान पूर्ति विभाग के एआरओ गिरीश जोशी, एई लोनिवि ललित तिवारी सहित पुलिस कर्मी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें: काशीपुर: आकाशीय बिजली की चपेट में आने से किशोरी घायल 

 

संबंधित समाचार