कार में फंसकर सात किलोमीटर तक घिसटती रही बाइक, चालक गिरफ्तार - देखें Video
ऊंचाहार/ रायबरेली, अमृत विचार। महंगे वाहन के सवारों को सड़क पर चलने वालों की जान की परवाह नहीं होती है। कुछ ऐसा ही ओवरब्रिज के पास देखने को मिला। तेज रफ्तार लक्जरी कार ने बाइक को टक्कर मार दी जिससे बाइक चालक सड़क पर गिर गया वहीं उसके बाद सड़क पर फिल्मी स्टंट सा नजारा दिखा। एसयूवी कार के पिछले हिस्से में फंसकर बाइक सात किलोमीटर तक घिसटती चली गई। सड़क पर तेज आवाज के साथ बाइक से निकलती चिंगारी को देख सड़क से गुजरने वाला हर शख्स आवाक रह गया। जिसने भी इस सीन को देखा वह वहीं ठहर गया। वहीं आग लगने के खतरे से बेपरवाह एसयूवी चालक कार की रफ्तार को कम करता नहीं दिखा।
जब पुलिस को घटना की जानकारी हुई तो पुलिस टीम ने कार का पीछा करना शुरू किया और दस किलोमीटर दूर चढ़रई टोल पर कार चालक को पकड़ने में कामयाब रही। वहीं घायल बाइक चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
कोतवाली क्षेत्र के खोजनपुर निवासी ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुधीर गुप्ता शनिवार की शाम घर से ऊंचाहार आ रहा था। इस दौरान ओवरब्रिज के पास प्रयागराज की ओर आ रही एक एसयूवी कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे सुधीर के पैर व पेट में गंभीर चोटें आईं। वहीं एसयूवी चालक घायल की परवाह किए बिना कार को रफ्तार में भगाता रहा जिस कारण सुधीर की बाइक कार के पिछले हिस्से में फंस गई और उसके सड़क पर खालिस फिल्मी स्टंट नजर आया। जिसने भी यह देखा वह कांप गया। सड़क के किनारे जा रहे अन्य वाहन सवार खुद को बचाते नजर आए। हालांकि पुलिस ने पीछा कर कार चालक को पकड़ लिया। कोतवाल आदर्श कुमार सिंह ने बताया कि चालक को पकड़कर वाहन कब्जे लिया गया है। तहरीर मिलने कार्रवाई की जाएगी।
Video - कार में फंसकर सात किलोमीटर तक घिसटती रही बाइक, चालक गिरफ्तार #unchaharpolice #UPPolice pic.twitter.com/etfIlQgEqj
— Amrit Vichar (@AmritVichar) August 6, 2023
ये भी पढ़ें -प्रयागराज : दुष्कर्म का झूठा आरोप लगाने वाली कथित पीड़िता पर HC ने लगाया 10 हजार का जुर्माना
