हरिद्वार: नौकरी का झांसा देकर किया महिला का शारीरिक शोषण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कांवड़ यात्रा नहीं मानव तस्करी का निकला मामला, दो आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार, अमृत विचार। रुड़की के गंगनहर थाना क्षेत्र में गाजियाबाद की महिला का शारीरिक शोषण करने के मामले में सोमवार को नया खुलासा हुआ है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

एसएसपी हरिद्वार अजय सिंह के अनुसार, इस प्रकरण में महिला के पति के सामने आने एवं पीड़िता के अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति में होने पर हुई पूछताछ से स्थिति स्पष्ट हुई है कि दुष्कर्म से जुड़े इस सनसनीखेज मामले का कांवड़ यात्रा से कोई मतलब नहीं था, बल्कि मानव तस्करी से जुड़ा मामला है।

पीड़ित महिला को कुछ दिन पूर्व नदीम नाम का युवक काम दिलवाने की बात कहकर गाजियाबाद से रुड़की के गंगनहर क्षेत्र में लाया था। इस दौरान नदीम ने महिला को वहां रहने वाले अपने परिचित शाकिब से मिलवाया था।

जहां शाकिब द्वारा इस महिला का शारीरिक शोषण किया गया। एसएसपी ने बताया कि कई स्तरों पर हुई जांच में यह मामला ह्यूमन ट्रैफिकिंग का पाया गया। इस अभियोग में अनैतिक देह व्यापार अधिनियम की सुसंगत धाराएं बढ़ाई गई हैं। 

इस मामले में मो. शाकिब पुत्र अख्तर निवासी प्रधान पट्टी बरला थाना छपार मुजफ्फरनगर और नदीम पुत्र यासीन निवासी गोविंदपुरी थाना मोदीनगर, गाजियाबाद को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, इस मामले में कांवड़ मेला या उससे संबंधित कुछ भी सत्यता न पाए जाने और मीडिया को गलत जानकारी देने पर एसएसपी ने एसपी देहात से 24 घंटे में जांच रिपोर्ट मांगी है।


पहले यह बताया था मामला

बीते जुलाई माह में हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौटती विवाहित महिला को रुड़की बस अड्डे पर शाकिब नाम के युवक ने पानी की बोतल में नशा मिलाकर दिया था। इसे पीने के बाद महिला को नशा हुआ तो मदद करने के बहाने शाकिब उसे गंगनहर क्षेत्र स्थित अपने कमरे पर ले गया था, जहां उसके साथ लगातार दुष्कर्म किया गया था। इस मामले में शाकिब और उसकी पत्नी के खिलाफ गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था।

यह भी पढ़ें: गदरपुर: दो सिलेंडर जब्त, 27 मिले लावारिस हालत में 
 

संबंधित समाचार