अल्मोड़ा: शिक्षकों की तैनाती ना हुई तो करेंगे आंदोलन
अल्मोड़ा, अमृत विचार। विकास खंड धौलादेवी के राजकीय इंटर कालेज नैनी चौगर्खा में विभिन्न विषयों के शिक्षकों की तैनाती ना होने से नाराज अभिभावकों ने अब आंदोलन की चेतावनी दी है।
अभिभावकों ने शिक्षा विभाग पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा है कि उनकी लंबी मांग के बाद भी शिक्षा विभाग यहां प्रवक्ताओं की तैनाती नहीं कर रहा है। जिस कारण नौनिहालों का भविष्य लगातार गर्त की ओर जा रहा है।
विकास खंड के राजकीय इंटर कालेज नैनी चौगर्खा में क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों के बच्चे शिक्षा ग्रहण करने आते हैं। लेकिन यहां लंबे समय से भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और हिंदी विषय के प्रवक्ताओं की तैनाती नहीं हो पाई है। जिस कारण स्कूली बच्चों का शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। कई बच्चों को विज्ञान विषयों की पढ़ाई के लिए दूरस्थ क्षेत्र के विद्यालयों में प्रवेश लेना पड़ा है।
सामाजिक कार्यकर्ता व उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के जिला उपाध्यक्ष राम सिंह का कहना है कि अभिभावक कई बार शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों से यहां इन विषयों के प्रवक्ताओं की तैनाती की मांग कर चुके हैं। लेकिन शिक्षा विभाग के अधिकारी अभिभावकों की मांग पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। जिस कारण यहां शिक्षा प्राप्त कर रहे बच्चों का भविष्य अंधकारमय बना हुआ है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर शीघ्र विद्यालय में प्रवक्ताओं की तैनाती नहीं की गई तो अभिभावक उग्र आंदोलन करने से भी गुरेज नहीं करेंगे।
