बरेली: जोगी नवादा में सामान्य होने लगे हालात, आज से कम होगी फोर्स
सांप्रदायिक टकराव की घटना के दो सप्ताह बाद इलाके में खुलीं सारी दुकानें, फिर भी कहीं चहलपहल तो कहीं सन्नाटा
बरेली, अमृत विचार। लगातार दो बार सांप्रदायिक टकराव होने के बाद पुलिस-प्रशासन की जबर्दस्त सख्ती के दम पर भारी तनाव के बावजूद जोगीनवादा में यह रविवार शांति से गुजरा। इस बीच सोमवार को भी जोगीनवादा भारी फोर्स तैनात रखी गई। कड़ी सुरक्षा इलाके में ज्यादातर दुकानें खुलीं तो स्थिति सामान्य होती दिखी। हालांकि कहीं-कहीं सन्नाटा भी पसरा रहा। अफसरों के मुताबिक अब मंगलवार से धीरे-धीरे फोर्स को हटाना शुरू कर दिया जाएगा। अब आगे शनिवार से सोमवार तक ही इलाके में फोर्स तैनात किया जाएगा।
जोगीनवादा में पहली बार 23 जुलाई को बवाल हुआ था। डीजे के साथ शाह नूरी मस्जिद के सामने से निकल रहे कांवड़ियों के जत्थे से विवाद के बाद दोनों समुदायों के लोग आमने सामने आ गए थे। इसके बाद पथराव शुरू हो गया था। संवेदनशील इलाका होने के बावजूद अफसरों ने काफी कम फोर्स तैनात कर रखा था, इस कारण हालात पर काबू नहीं पाया जा सका और जमकर बवाल हुआ। इसके बाद 30 जुलाई को फिर बवाल हुआ, डीजे के साथ कांवड़ियों के जत्थे ने मौर्य गली से निकलने की कोशिश की तो इसे नई परंपरा बताते हुए दूसरे समुदाय के लोग रास्ते में धरने पर बैठ गए। भारी तनातनी के बीच अधिकारियों ने भी इसे नई परंपरा माना और कांवड़ियों को आगे निकलने की इजाजत नहीं दी। इसी बीच फायरिंग शुरू हुई तो पुलिस ने कावंड़ियों को लाठीचार्ज कर खदेड़ दिया। इसके कुछ ही घंटों बाद सरकार ने एसएसपी प्रभाकर चौधरी काे बरेली से हटा दिया।
कांवड़ियों ने इस रविवार को भी मौर्य गली से ही निकलने की तैयारी की थी लेकिन पुलिस-प्रशासन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों का हवाला देते हुए उसे कड़ाई से रोक दिया। कई भाजपा नेता इस कांवड़ यात्रा को निकलवाने के लिए अफसरों पर आखिर तक दबाव बनाते रहे लेकिन प्रशासन नए रास्ते में कांवड़ यात्रा न निकलने देने पर अड़ा रहा। जोगीनवादा में भारी फोर्स लगाकर कांवड़ यात्रा नहीं निकलने दी गई। अब दो सप्ताह बाद इलाके में हालात कुछ सामान्य होते दिखे। लोगों ने घरों से निकलना शुरू कर दिया है। हालांकि बाहर से आने वाले लोगों को रोकने के लिए गलियों और मुख्य रास्तों पर पुलिस ने अब भी बैरिकेडिंग कर रखी है। सोमवार को भी पीएसी, आरएएफ के साथ भारी पुलिस बल इलाके में तैनात रहा।
आज फिर करेंगे कांवड़ यात्रा की अनुमति देने के लिए आवेदन
जोगी नवादा कांवड़ यात्रा समिति के महंत राकेश कश्यप ने बताया कि वह मंगलवार को फिर कांवड़ यात्रा निकालने के लिए प्रशासन के समक्ष आवेदन करेंगे। इससे पहले वह स्थानीय लोगों के साथ बैठकर कांवड़ यात्रा निकालने का पूरा कार्यक्रम तय करेंगे। इस पर आपसी सहमति बनने के बाद मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन से आवेदन किया जाएगा।
जोगीनवादा की स्थिति अब सामान्य है लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर भारी फोर्स तैनात रखी है। लोगों ने घरों से निकलना शुरू कर दिया है। मंगलवार से फोर्स कम की जाएगी। अब शनिवार से सोमवार के बीच दोबारा फोर्स तैनात की जाएगी - राहुल भाटी, एसपी सिटी।
ये भी पढ़ें- बरेली: सावन के पांचवे सोमवार को जोगी नवादा में स्थिति सामान्य, दिनभर रही चहल-पहल
