मौसम: गर्जन और बिजली के साथ ही तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी
देहरादून, अमृत विचार। प्रदेशभर में आठ जिलों में भारी बारिश हो सकती है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और उधम सिंह नगर जिले के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है।
बाकी जिलों में तेज गर्जन और बिजली के साथ ही तेज बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेशभर में अगले कुछ दिन तेज बारिश के आसार जताए जा रहे हैं। संवेदनशील मार्ग में भूस्खलन हो सकता है जिसके चलते रास्ते बंद हो सकते हैं। भारी बारिश के पूर्वानुमान के चलते देहरादून जिला प्रशासन में नगर निगम क्षेत्र देहरादून , झाझरा और रायपुर विकासखंड के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में मंगलवार को अवकाश घोषित किया है।
प्रदेश में 35 सड़कें खुलीं, 210 को खुलने का इंतजार
प्रदेश में 210 सड़कें बंद हैं। सोमवार को 35 सड़कें ही खुल पाईं। लोनिवि के अनुसार, एक दिन पहले से 167 सड़कें बंद थीं। 78 सड़कें सोमवार को बंद हुईं। इस तरह कुल 245 बंद सड़कों में से देर शाम तक 35 सड़कों को खोल दिया गया था। बंद सड़कों में 13 मुख्य जिला मार्ग, आठ जिला मार्ग, चार अन्य जिला मार्ग, 90 ग्रामीण सड़कें और 95 पीएमजीएसवाई की सड़कें शामिल हैं। सड़कों को खोलने के काम में सोमवार को 185 जेसीबी मशीनों को लगाया गया।
